Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ में स्कॉर्पियो हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई. इस घटना को लेकर नई जानकारी सामने आई है. पता लगा है कि परिवार की एक महिला सदस्य हाल ही में सरकारी टीचर बनी थी. बस इसी खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर दर्शन करने जा रहा था. परिवार बिहार के नालंदा का रहने वाला था. झारखंड के रामगढ़ जिले में रांचीपटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के समीप उनकी स्कॉर्पियो कार अज्ञात वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 4 बच्चों, 4 महिलाओं और 5 पुरुषों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारों गांव निवासी निजी स्कूल संचालक विवेक कुमार की पत्नी की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगी थी. परिवार में इसी खुशी का माहौल था और सभी परिजन मन्नत पूरी होने पर पूजाअर्चना करने झारखंड के रामगढ़ जिला स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे.

स्कॉर्पियो सवार सभी 13 मृतक एक ही परिवार के: मंदिर पहुंचने से पहले ही रांचीपटना NH33 पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के पास उनकी स्कॉर्पियो अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो के चालक को छोड़कर वाहन में सवार सभी 13 मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे.

CM हेमंत सोरेन व बाबूलाल मराण्डी ने जताया शोक

इस भीषण दुर्घटना में घायल हुए एक शख्स को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका समुचित उपचार चल रहा है. फिलहाल सभी मृतकों की व्यक्तिगत पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है और प्रशासन शिनाख्त की प्रक्रिया में जुटा है. वहीं, हादसा किस अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है; रामगढ़ जिला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हाईवे के आसपास के इलाकों व सीसीटीवी फुटेज के जरिए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया ‘X’ पर पोस्ट कर लिखा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास NH33 पर हुई सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने दिवंगत लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मारांग बुरु से आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की, साथ ही घायल के समुचित उपचार की बात कही.

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मराण्डी ने भी ‘X’ पर पोस्ट कर हादसे को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताया, दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को संबल और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.