उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच तेज हो गई है. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम शनिवार को मंदिर पहुंची. इस दौरान नए सबूत खंगाले गए. इसमें CCTV फुटेज और आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के कॉल रिकॉर्ड भी शामिल हैं. जिसे मामला सामने आने के बाद निलंबित कर दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में निलंबित बद्रीनाथकेदारनाथ मंदिर समिति कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को मंदिर के दानगणना कक्ष से नकदी, सोनेचांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और चढ़ावा के लिफाफे संदिग्ध रूप से छिपाते या चुराते हुए देखा गया है.

CCTV कैद हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रमोद नौटियाल दान गिनती कक्ष और अपने ऑफिस के बीच कई बार आतेजाते दिख रहा है. इसी से जांचकर्ताओं को शक है कि चोरी की गई चीजें ऑफिस में छिपाई जा रही थीं.पुलिस ने कहा कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को 500 और 100 रुपए के नोटों की गड्डियों के साथ सोनेचांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और 10 से 12 हजार रुपए वाले चढ़ावा के लिफाफे छिपाते हुए देखा गया. इस दौरान वो 2 से 3 बार गिनती कक्ष और अपने ऑफिस के बीच आयागया. पुलिस को शक है कि गिनती कक्ष से पैसे, सोनेचांदी के सिक्के चुराने के बाद वो उन्हें अपने ऑफिस में रखता था. 2 जुलाई के CCTV फुटेज में यह पूरी गतिविधि कैद हुई है.

निलंबित कर्मचारी के कॉल डिटेल की जांच शुरू

SIT ने अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए अन्य तारीखों के CCTV फुटेज और निलंबित कर्मचारी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि इसी आधार पर SIT अब 25 और 29 जून के CCTV फुटेज भी स्कैन कर रही है. इसके साथ ही नौटियाल के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी गई है.

प्रक्रिया का उल्लंघन कर गिनती क्षेत्र से नकदी निकाली गई

यह जांच 2 जुलाई को बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान की गिनती के दौरान पकड़ी गई अनियमितताओं के बाद शुरू हुई. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तय प्रक्रिया का उल्लंघन कर गिनती क्षेत्र से नकदी निकाली गई थी. इस मामले में BKTC के प्रभारी मंदिर अधिकारी युधवीर पुष्पवान की शिकायत पर बद्रीनाथ थाने में FIR दर्ज की गई. SIT ने उनका बयान भी दर्ज किया. जांच के दौरान CCTV कंट्रोल अधिकारी पंवार और दान गिनती के समय मौजूद रहे हरेंद्र कोठारी समेत अन्य BKTC अधिकारियों के बयान भी लिए गए.

निलंबन कर्मचारी ने FIR को दी चुनौती

इस बीच प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन और अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने की और BKTC को अपना जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए. मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी.

फिलहाल इस मामले की जांच 4 अलगअलग स्तरों पर चल रही है. पुलिस और SIT के अलावा BKTC की विभागीय जांच समिति और गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय समिति भी जांच कर रही है. धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में गड़बड़ी का यह मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.