Jabalpur Murder: मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्यार का दम घुट गया और कैलाशपुरी की पहाड़ी पर बसा एक आशियाना खून से लाल हो गया. जिस संगीता ने कभी प्रेम विवाह कर सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने सात साल बाद घरेलू कलह के बीच पति नितिन जायसवाल की उसी की लाई कुल्हाड़ी से जान ले ली.

प्यार के परवान चढ़ने के बाद किया गया यह प्रेम विवाह आखिरकार कैसे नफरत की ऐसी आग में बदला कि कमरे की हर दीवार खून के छींटों से सन गई… क्या एक मामूली घरेलू विवाद इतना बड़ा हो गया कि जीवनसंगिनी ही कातिल बन बैठी… फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन यह सनसनीखेज कांड हर किसी के रोंगटे खड़े कर रहा है.
पत्नी संगीता और उसका बेटा लाश के पास था
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे कैलाशपुरी स्थित मकान नंबर 1436 की है. जांच अधिकारी कन्हैया चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी है. इसके बाद गोरखपुर थाना प्रभारी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घर के कमरे में नितिन जायसवाल खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा था, जबकि उसकी पत्नी संगीता और उसका चार साल का बेटा मौके पर मौजूद था.
पुलिस को सूचना देने वाले प्रमोद मसीह ने बताया कि नितिन शराब पीने के आदी थे और पतिपत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी सुबह से दोनों के बीच कहासुनी चल रही थी. इसी बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. कुछ देर बाद संगीता के चिल्लाते हुए बाहर निकलने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई. लोगों ने जब अंदर जाकर देखा तो नितिन की खून से सनी लाश मौके पर पड़ी थी.
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने क्या बताया?
पुलिस पूछताछ में संगीता ने बताया कि विवाद के दौरान उसके पति ने कुल्हाड़ी उठा ली थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उसके मुताबिक, उसने बचाव में कुल्हाड़ी छीन ली और इसी दौरान पति पर वार हो गया. कुल्हाड़ी नितिन के सिर के दाहिने हिस्से में कनपटी के पास लगी, जिससे वह गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल अधिकारी को बुलाया गया जहां टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है.
नितिन जायसवाल निजी मजदूरी का काम करते थे. वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी संगीता और चार साल के बेटे के साथ कैलाशपुरी में रहता था. पति की मौत और पत्नी की गिरफ्तारी के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर घरेलू विवाद के दौरान ऐसा क्या हुआ कि संगीता ने कुल्हाड़ी से हमला कर नितिन को मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.



