Ahmedabad Theft: गुजरात के अहमदाबाद जिले में सनाथल सर्कल के पास नवपुर गांव में स्थित ‘इंग्राम माइक्रो’ कंपनी की एक स्टोर में चोरी की घटना घटी. चेहरे पर कपड़ा बांधे करीब तीन नकाबपोश चोरों ने स्टोर का पिछला दरवाजा तोड़ दिया और लगभग 1 करोड़ रुपये के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लूटकर फरार हो गए. चोरी की पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना 21 अक्टूबर की रात की है.

चांगोदर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर स्टोर में पीछे वाले खेत से आए और पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे. चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने सिर और चेहरे को कपड़े से ढका था. चोरी करने के बाद आरोपी सड़क के रास्ते फरार हो गए.
सुरक्षा में लगे गार्ड्स ने मैनेजर को दी सूचना
21 अक्टूबर की रात, 1 से 2:30 बजे के बीच, जब स्टोर के सुरक्षा गार्डों ने जांच की, तो उन्होंने पाया कि पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर रखे पार्सल क्षतिग्रस्त थे. उन्होंने तुरंत जगतपुर स्थित गोदरेज गार्डन सिटी में रहने वाले स्टोर मैनेजर सुधीर नायर को सूचना दी. सुधीर के मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पुष्टि हुई कि करोड़ों रुपये के गैजेट चोरी कर लिए गए.
एप्पल और अन्य प्रमुख कंपनियों की चीजें चुराईं
चोरों ने एप्पल और अन्य प्रमुख कंपनियों के सबसे कीमती गैजेट्स को निशाना बनाया. चोरी हुए सामान में 40 आईफोन 17 सीरीज, 30 आईफोन 16, 36 एप्पल वॉच, 15 डेल लैपटॉप, 11 एचपी लैपटॉप, 20 आईपैड, आईपैड प्रो डिवाइस और लैपटॉप बैग शामिल थे. चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है.
इस घटना को लेकर अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक नीलम गोस्वामी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर रही है. पुलिस फरार चोरों को पकड़ने में जुटी है.



