दिल्ली के लाजपत नगर2 में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में आग लग गई. इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी झुलस गया. उसे गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया. आग लगने के दौरान इमारत में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना भी मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:17 बजे G5, लाजपत नगर2 में आग लगने की PCR कॉल मिली थी. इस दौरान इलाके में गश्त कर रहे HC गजानंद ने भी इमारत में आग लगी देखी और तुरंत पुलिसकर्मियों को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इमारत को खाली कराया.

बेसमेंट में फंसे कर्मचारी गौरव को बाहर निकालकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, प्रेम नाम का दूसरा कर्मचारी आग में झुलस गया, जिसे अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया.

जांच में सामने आया कि इमारत के बेसमेंट में एक ऑफिस/मीडिया हाउस चलाया जा रहा था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसे के समय बेसमेंट में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए वेल्डिंग का काम किया जा रहा था. वहां दो मजदूर वेल्डिंग कर रहे थे और ऑफिस के दोनों कर्मचारी भी मौजूद थे. पुलिस ने मजदूर उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को पूछताछ के लिए बुलाया था.

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस FIR दर्ज कर इमारत के मालिक, ठेकेदार और काम कर रहे मजदूरों की भूमिका की जांच कर रही है.