पश्चिम एशिया में अमेरिकाईरान के बीच तनाव, कच्चे तेल की कीमत में तेजी, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल, रुपये में डॉलर के मुकाबले कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार गिरावट देखी गई है।

बीते 28 सितंबर को बाजार में बड़ी गिरावट आई थी, जिसमें सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक लुढ़क गया था और निवेशकों के 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक डूब गए थे। हालांकि, इसके बाद आज शेयर बाजार की चाल फ्लैट और उतारचढ़ाव भरी नजर आ रही है।
मार्केट खुलने के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 में तेजी और 17 में गिरावट दर्ज की गई। सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 200 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ 72,731.25 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि इसकी आज की ओपनिंग 72,441.15 पर हुई थी। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी 22,665.00 पर खुला और सुबह 9 बजकर 27 मिनट पर यह 0.07% यानी 16.30 अंकों की मामूली तेजी के साथ 22,732.50 पर ट्रेड कर रहा था।
आज के शुरुआती कारोबार में टीसीएस के शेयरों में सबसे अधिक 1.35 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जबकि अडानी पोर्ट्स के शेयरों में सबसे अधिक 1.62 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।



