Ghazipur Dowry Death: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करना और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। 

नवविवाहिता का लटका मिला शव 

ये मामला गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के बिरनो गांव  का है। संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी।

जितना हो सका उतना दहेज दिया

बिरनो गांव निवासी अशोक राम की पत्नी पिंकी कुमारी का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर 1 फरवरी 2024 को बेटी की शादी की थी और सामर्थ्य अनुसार दहेज व गृहस्थी का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से पति, सास और ससुर दहेज की मांग को लेकर पिंकी को प्रताड़ित करने लगे थे। 

चार दिन पहले ही लौटी ससुराल 

परिजनों ने बताया कि  पिंकी चार दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। उसकी आठ माह की एक बेटी भी है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों के बीच पुलिस को शव कब्जे में लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दूसरे मकान में छिपे पति, सास और ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया। 

 

ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप 

बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।