भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार दो बड़े पनडुब्बी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ा रही है. करीब 1.11 लाख करोड़ रुपए की इन दोनों परियोजनाओं से नौसेना को 9 नई पारंपरिक पनडुब्बियां मिलेंगी. रक्षा मंत्रालय ने दोनों परियोजनाओं की आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और अब इन्हें सरकार के शीर्ष स्तर से अंतिम मंजूरी का इंतजार है.

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के मुताबिक दोनों प्रस्ताव कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की मंजूरी के लिए आगे बढ़ने की प्रक्रिया में हैं.

75 हजार करोड़ का P75 प्रोजेक्ट

इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट P75 है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 75 हजार करोड़ रुपये है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके तहत जर्मनी की कंपनी थायसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स और भारत की मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड मिलकर देश में 6 आधुनिक पारंपरिक पनडुब्बियों का निर्माण करेंगी. इस प्रोजेक्ट का मकसद भारत में पनडुब्बी निर्माण की क्षमता बढ़ाना और आधुनिक तकनीक का ट्रांसफर हासिल करना है.

36 हजार करोड़ में बनेंगी 3 अतिरिक्त स्कॉर्पीन पनडुब्बियां

दूसरी बड़ी परियोजना करीब 36 हजार करोड़ रुपये की है. इसके तहत नौसेना के लिए 3 अतिरिक्त स्कॉर्पीन क्लास पनडुब्बियां बनाई जाएंगी. इनका निर्माण मझगांव डॉक की मौजूदा प्रोडक्शन लाइन पर किया जाएगा. इससे नई निर्माण सुविधाएं तैयार करने में लगने वाला समय बचेगा और पनडुब्बियों को जल्द नौसेना में शामिल करने में मदद मिलेगी.

चीनपाकिस्तान की चुनौती के बीच नौसेना की तैयारी

हिंद महासागर क्षेत्र में चीन और पाकिस्तान की बढ़ती समुद्री गतिविधियों के बीच भारत अपनी अंडरवॉटर वॉरफेयर क्षमता मजबूत कर रहा है. पाकिस्तान भी चीन से बनी हैंगोर क्लास पनडुब्बियों को अपने बेड़े में शामिल कर रहा है. ऐसे में भारतीय नौसेना के लिए नई पनडुब्बियों की जरूरत और बढ़ गई है.

पुरानी पनडुब्बियों को भी किया जाएगा आधुनिक

रक्षा मंत्रालय मौजूदा पनडुब्बियों की क्षमता बढ़ाने पर भी काम कर रहा है. इसके तहत स्वदेशी तकनीक से अपग्रेडेशन, टॉरपीडो और दूसरे जरूरी उपकरणों की खरीद तथा आधुनिक टेस्टिंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

कोच्चि में सोनार इंजीनियरिंग असेंबली, टेस्ट एंड इवैल्यूएशन सेंटर बनाया जा रहा है. इससे भारत की सोनार तकनीक और उसकी जांच करने की क्षमता मजबूत होगी.

इन दोनों पनडुब्बी परियोजनाओं को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद भारतीय नौसेना की पानी के भीतर युद्ध करने की क्षमता को बड़ी मजबूती मिलेगी.