अगर आप 125cc स्पोर्टी बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो Bajaj Pulsar N125 से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने इस बाइक की डीलरों को सप्लाई फिलहाल रोक दी है. इससे यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या बजाज इस बाइक को बंद करने जा रही है या फिर इसकी जगह कोई नया और बेहतर मॉडल लॉन्च करेगी.

हालांकि, अभी तक बजाज ऑटो की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. खास बात यह है कि Pulsar N125 अभी भी कंपनी की वेबसाइट पर दिखाई दे रही है. इसलिए फिलहाल यह साफ नहीं है कि बाइक बंद होगी या अपडेटेड अवतार में वापस आएगी.

2 साल पहले लॉन्च हुई थी बाइक

बजाज पल्सर N125 को अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया गया था. उस समय इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 95,000 रुपये रखी गई थी. इस बाइक को खासतौर पर उन युवाओं के लिए तैयार किया गया था जो स्टाइलिश लुक के साथ दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं. इसका मुकाबला Hero Xtreme 125R और Honda CB125 Hornet जैसी बाइकों से होता है.

बजाज पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह 2026 में 8 नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करेगी. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि Pulsar N125 की जगह नया मॉडल या इसका अपडेटेड वर्जन बाजार में उतारा जा सकता है.

स्पोर्टी डिजाइन

डिजाइन की बात करें तो Pulsar N125 काफी स्पोर्टी दिखाई देती है. इसमें शार्प LED हेडलाइट, स्पोर्टी ग्राफिक्स, स्प्लिट सीट, अंडरबेली एग्जॉस्ट और स्टाइलिश रिम स्टिकर दिए गए हैं. इसका डिजाइन न सिर्फ देखने में अच्छा लगता है, बल्कि शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर आसानी से चलाने में भी मदद करता है.

परफॉर्मेंस के मामले में भी यह बाइक काफी दमदार मानी जाती है. इसका वजन सिर्फ 125 किलोग्राम है, जिससे इसका पावरटूवेट रेशियो काफी अच्छा बनता है. कंपनी का दावा है कि यह अपनी कैटेगरी की सबसे फास्ट 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने वाली बाइकों में शामिल है.

इसमें 124.59cc का सिंगलसिलेंडर इंजन मिलता है, जो 12 PS की पावर और 11 Nm का टॉर्क पैदा करता है. इंजन के साथ 5स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है.

बाइक के फीचर्स

फीचर्स की बात करें तो Pulsar N125 में ब्लूटूथ कनेक्टेड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. इसके जरिए राइडर कॉल अलर्ट, मिस्ड कॉल, मैसेज नोटिफिकेशन जैसी जानकारी देख सकता है. इसके अलावा इसमें USB चार्जिंग पोर्ट, फ्यूल इंडिकेटर और माइलेज की जानकारी भी मिलती है.

बजाज के लिए 125cc सेगमेंट बेहद महत्वपूर्ण है. कंपनी की कुल मासिक बिक्री में पल्सर 125 सीरीज की हिस्सेदारी लगभग 32% है. इस सीरीज में Pulsar 125, Pulsar N125 और Pulsar NS125 शामिल हैं. इसलिए कंपनी इस सेगमेंट को और मजबूत बनाने पर जरूर ध्यान देगी.