
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से डबल मर्डर का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. थाना अवागढ़ क्षेत्र के कस्बा अवागढ़ स्थित यादव नगर में सोमवार देर रात दो महिलाओं की हत्या से सनसनी फैल गई. घरेलू विवाद के बाद एक महिला और उसकी मां पर हथौड़े से हमला किए जाने का आरोप महिला के पति पर लगा है. गंभीर चोटों के चलते दोनों की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
मृतकों की पहचान प्रियंका पत्नी रुकमपाल और उसकी मां कमला देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि प्रियंका और रुकमपाल के बीच पिछले कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था. कमला देवी भी अपनी बेटी के साथ अवागढ़ में रह रही थीं.
रुकमपाल ने हथौड़े से किया वार
बताया गया कि सोमवार देर रात एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान रुकमपाल ने हथौड़े से प्रियंका और कमला देवी पर हमला कर दिया. दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद थे. मां और नानी पर हमला होते देख बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दो महिलाओं की हत्या की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. इलामारन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस और कोतवाली देहात पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया.
फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और एसओजी ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पूछताछ में बच्चों ने पुलिस को क्या बताया?
पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद बच्चों से भी जानकारी ली. अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने माता-पिता के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद और मारपीट होने की बात बताई है. सोमवार देर रात विवाद बढ़ने के बाद दोनों महिलाओं पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी रुकमपाल मूल रूप से फिरोजाबाद जनपद के गांव ठाटी का रहने वाला है और वर्तमान में परिवार के साथ अवागढ़ में रह रहा था. घटना के बाद से वह फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



