केटीएम इंडिया अपनी लोकप्रिय बाइक 200 ड्यूक का अपडेटेड मॉडल भारतीय बाजार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है.
कंपनी ने नई बाइक का पहला टीजर जारी कर दिया है. टीजर में बाइक की झलक दिखाई गई है, लेकिन इसके डिजाइन और फीचर्स की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, डीलरशिप पर इस बाइक की एक यूनिट देखी गई है, जिससे इसके नए फीचर्स का पता चला है.

इस बार बाइक में पहले से ज्यादा बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. खास बात यह है कि इसमें कंपनी की बड़ी बाइक्स 250 ड्यूक और 390 ड्यूक जैसे कुछ फीचर्स दिए जा सकते हैं.

मिलेगा बाईडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर

नई केटीएम 200 ड्यूक का सबसे बड़ा बदलाव बाईडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर हो सकता है. इस फीचर की मदद से राइडर बिना क्लच का इस्तेमाल किए गियर ऊपर और नीचे कर सकेगा. इससे गियर बदलना आसान होगा और बाइक चलाने का एक्सपीरियंस बेहतर हो सकता है. फिलहाल यह फीचर कंपनी की 250 ड्यूक और 390 ड्यूक जैसी बाइक्स में मिलता है.

इसके अलावा, बाइक में राइडबायवायर तकनीक भी दी जा सकती है. इसमें नॉर्मल मैकेनिकल कनेक्शन की जगह इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के जरिए एक्सीलरेटर काम करता है. इसकी मदद से बाइक में राइड मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं.

बाइक में मिल सकते हैं 2 राइड मोड

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई बाइक में रेन और स्ट्रीट राइड मोड मिल सकते हैं. रेन मोड गीली सड़कों पर बाइक चलाते समय मददगार हो सकता है, जबकि स्ट्रीट मोड सामान्य सड़कों के लिए होगा. ट्रैक्शन कंट्रोल फिसलन की स्थिति में पिछले पहिये की पकड़ बनाए रखने में मदद कर सकता है. हालांकि, कंपनी ने अभी इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. बाइक के दाईं ओर दिए गए स्विच भी नए हो सकते हैं. इनका डिजाइन 390 ड्यूक के स्विच जैसा दिखाई देता है. वहीं, बाईं ओर के कंट्रोल में बड़े बदलाव नजर नहीं आए हैं.

इंजन और हार्डवेयर में बदलाव की उम्मीद नहीं

नई KTM 200 Duke में मौजूदा 199.5 cc, लिक्विडकूल्ड, सिंगलसिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है. यह इंजन 10,000 आरपीएम पर 25 हॉर्सपावर और 8,000 आरपीएम पर 19.3 एनएम टॉर्क देता है. इसमें 6स्पीड गियरबॉक्स भी जारी रह सकता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सस्पेंशन के लिए आगे 43 मिमी का डब्ल्यूपी यूएसडी फोर्क और पीछे मोनोशॉक दिया जा सकता है. हालांकि, राइडबायवायर तकनीक मिलने के बावजूद बाइक में क्रूज कंट्रोल दिए जाने की जानकारी नहीं है.

गौरतलब है कि साल 2026 में इससे पहले भी 200 ड्यूक को अपडेट किया गया था. उस समय बाइक में 320 मिमी की बड़ी फ्रंट ब्रेक डिस्क, हल्के 5स्पोक अलॉय व्हील, नए रियर फुटपेग, बदले हुए ग्रैब रेल और यूएसबी टाइपसी चार्जिंग पोर्ट जैसे बदलाव किए गए थे.

2026 KTM 200 Duke की संभावित कीमत

फिलहाल KTM 200 Duke की एक्सशोरूम कीमत 2.05 लाख रुपये है. नए फीचर्स जुड़ने के बाद इसकी कीमत में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, कंपनी ने अभी नई बाइक की कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं किया है. भारतीय बाजार में इसका मुकाबला बजाज पल्सर NS200 जैसी बाइक्स से जारी रहेगा.