FASTag Agent Salary: हाईवे पर सफर करते समय क्या रिचार्ज करने वाले एजेंट को देखकर ये सवाल आपके मन में आया है कि, टोल प्लाजा के आसपास फास्टैग बेचने और रिचार्ज करने वाले एजेंट कितनी कमाई करते होंगे? या क्या इस काम को बिजनेस के तौर पर शुरू किया जा सकता है? अगर हां तो ये खबर आपके लिए है। आइए जानते हैं कि FASTag एजेंट कैसे बन सकते हैं और इससे कितनी कमाई हो सकती है।

दरअसल, FASTag एजेंट की कमाई केवल नया फास्टैग जारी करने तक सीमित नहीं होती। उन्हें बैंक या सर्विस प्रोवाइडर से मिलने वाले कमीशन, रिचार्ज पर मार्जिन और दूसरी संबंधित सेवाओं के जरिए भी आमदनी हो सकती है।
फास्टैग एजेंट बनने के कौनकौन से तरीके हैं?
एजेंट के तौर पर काम करने के मुख्य रूप से दो तरीके हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पहले तरीके में आप किसी बैंक या थर्ड पार्टी एजेंसी के कर्मचारी बनकर काम कर सकते हैं। ऐसे एजेंट को आमतौर पर हर महीने 12 हजार से 18 हजार रुपये तक की सैलरी मिल सकती है। इसके अलावा, कंपनी की ओर से निर्धारित टारगेट पूरा करने पर इंसेंटिव भी दिया जा सकता है।
वहीं, दूसरा तरीका फ्रीलांस एजेंट के रूप में काम करना है। इसके लिए आप किसी बैंक या Payworld जैसे एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म से जुड़कर एजेंट आईडी ले सकते हैं। इसके बाद ग्राहकों को नया फास्टैग जारी कराने, रिचार्ज और दूसरी उपलब्ध सेवाएं देने का काम कर सकते हैं। इस मॉडल में कमाई आपके काम और ग्राहकों की संख्या पर निर्भर करती है।
FASTag बेचने पर कितना मिलता है कमीशन?
जब कोई वाहन चालक नया फास्टैग बनवाता है, तो एजेंट को संबंधित बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की ओर से कमीशन मिल सकता है। हालांकि, यह कमीशन हर जगह एक जैसा नहीं होता। यह वाहन की कैटेगरी, बैंक की पॉलिसी और एजेंट के साथ हुए समझौते के आधार पर तय किया जाता है।
इसके अलावा, टोल प्लाजा पर कई बार वाहन चालकों के फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होता। ऐसी स्थिति में वे एजेंट से रिचार्ज करवाते हैं। इस तरह एजेंट को रिचार्ज पर मिलने वाले निर्धारित मार्जिन से भी कमाई हो सकती है।
रोजाना कितनी हो सकती है कमाई?
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए कोई एजेंट एक दिन में 8 कार और 4 ट्रकों के नए फास्टैग जारी करता है। अगर उसे प्रत्येक कार के फास्टैग पर 70 रुपये और ट्रक के फास्टैग पर 100 रुपये कमीशन मिलता है, तो उसकी कमाई इस तरह होगी।
1. 8 कार के फास्टैग पर 70 रुपये के हिसाब से 560 रुपये।
2. 4 ट्रकों के फास्टैग पर 100 रुपये के हिसाब से 400 रुपये।
इस तरह नए फास्टैग जारी करने से एजेंट को कुल 960 रुपये मिलेंगे।
अब मान लीजिए कि वह एक दिन में 20 हजार रुपये का रिचार्ज करता है और उसे इस पर 1 प्रतिशत मार्जिन मिलता है। ऐसे में रिचार्ज से 200 रुपये की अतिरिक्त कमाई होगी। इसके अलावा, दूसरी सेवाओं से मिलने वाले संभावित सर्विस चार्ज को जोड़ने पर उसकी एक दिन की ग्रॉस कमाई करीब 1,460 रुपये हो सकती है।
महीने में कितनी हो सकती है कमाई?
अगर कोई एजेंट महीने में 26 दिन काम करता है और हर दिन औसतन 1,460 रुपये की ग्रॉस कमाई करता है, तो उसकी महीने की कुल ग्रॉस कमाई करीब 37,960 रुपये हो सकती है।
हालांकि, यह केवल एक उदाहरण के आधार पर किया गया अनुमान है। वास्तविक कमाई ग्राहकों की संख्या, रोजाना जारी किए जाने वाले फास्टैग, रिचार्ज की कुल रकम और संबंधित बैंक या सर्विस प्रोवाइडर की कमीशन पॉलिसी पर निर्भर करती है। इसलिए फास्टैग बिजनेस शुरू करने से पहले कमीशन और दूसरी शर्तों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।



