Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तैयतपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ शुक्रवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली बात पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान जब 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता ने अपनी बहू को बचाने के लिए बीचबचाव किया, तो आरोपी बेटे ने आपा खोकर पिता के सीने में सब्जी काटने वाली छुरी घोंप दी. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

जानकारी के मुताबिक, तैयतपुर गांव निवासी बाबूराम कोरी शराब का आदी है. शुक्रवार को वह दिनभर अत्यधिक शराब पीने के बाद जब घर पहुंचा तो घर में खाना तैयार नहीं था. इसी बात से आक्रोशित होकर उसने अपनी पत्नी पुष्पा के साथ झगड़ा और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. घर में हो रहे खूनी ड्रामे और अपनी बहू पुष्पा को पिटता देख बाबूराम के 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता रामदीन कोरी बीचबचाव करने पहुंचे. उन्होंने बेटे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शराब के सुरूर में आरोपी का गुस्सा और भड़क गया.
गुस्से में अंधे हुए बाबूराम ने रसोई में रखी सब्जी काटने वाली धारदार छुरी उठाई और अपने ही पिता के सीने पर जोरदार वार कर दिया. छुरी सीने के सीधे पार हो जाने से रामदीन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण, आरोपी धक्का देकर फरार
वारदात के बाद घर में कोहराम मच गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पत्नी पुष्पा के रोने और चीखनेचिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और पड़ोस में रहने वाले बाबूराम के बहनोई वीरपाल तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने आरोपी बाबूराम को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सभी को धक्का देकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल व्याप्त है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया. सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस और सीओ हाईवे देवेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई सब्जी काटने वाली छुरी बरामद कर ली है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
CO देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी बाबूराम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



