Sangrur Crime News: पंजाब के संगरूर जिले के दिढ़बा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़रूखा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के अंदर अज्ञात बदमाशों ने एक सेवादार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त सेवादार अजायब सिंह गुरुद्वारा परिसर के रिहायशी क्षेत्र में सो रहे थे. इसी दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति अंदर दाखिल हुए. इनमें से एक शख्स मुख्य गेट से अंदर आया, जबकि तीन अन्य बदमाश दीवार फांदकर परिसर के भीतर कूदे.

बदमाशों ने सोते हुए सेवादार अजायब सिंह को दबोचकर बंधक बनाने की कोशिश की. अजायब सिंह ने जब खुद को छुड़ाने के लिए शोर मचाया, तो आवाज सुनकर पास ही मौजूद दूसरे सेवादार जसवंत सिंह दौड़कर बाहर आए.
बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से जसवंत सिंह पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गए. गोलीबारी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस में हड़कंप मच गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। घायल जसवंत सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटियाला के गवर्नमेंट राजिंद्रा अस्पताल रेफर कर दिया गया.
CCTV फुटेज आया सामने, पुलिस जांच में जुटी
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसते हैं और सोते हुए सेवादार को बंधक बनाने का प्रयास करते हैं. विरोध होने पर वे गोलीबारी कर भाग निकलते हैं.
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. हमलावरों की मंशा क्या थी और वे किस इरादे से गुरुद्वारा में घुसे थे, इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.



