Featured Image

बिलासपुर। 27 सितंबर 2026| रात में घर जाते वक्त तेज बारिश के चलते युवक इंडियन काॅफी हाउस के पास रुक गया। इसी बीच उसकी तबियत खराब हुई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जब उसकी आंखें खुली तब वह सिम्स के बेड पर था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जेब में मोबाइल नहीं था। ठीक होने के बाद घर पहुंचने के बाद जब उसने नया सिम लेकर मोबाइल पर लगाया और मैसेज आने शुरू हुए, तब मैसेज देखकर होश उड़ गए। युवक और उसकी मां के खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए गए। चकरभाठा पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल, आरोपियों ने मोबाइल की गैलरी में रखी आधार कार्ड की फोटो से जानकारी जुटाई और उसी के जरिए फोन पे व पेटीएम जैसे यूपीआई एप को रीसेट कर खातों तक पहुंच बना ली। इसके बाद युवक और उसकी मां के खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए गए।

जानिए क्या है मामला?

सूरज सतनामी 8 सितंबर की रात तकरीबन 11 बजे तेज बारिश के कारण इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसने खुद को सिम्स अस्पताल में पाया। उसका दोस्त वहां नहीं था और मोबाइल भी गायब था।

दो-तीन दिन बाद उसने दूसरा सिम लेकर मोबाइल में लगाया तो यूपीआई लेनदेन के मैसेज देखकर उसके होश उड़ गए। जांच में पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से 2.84 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। इसके बाद 25 सितंबर को उसने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाने के साथ गवाहों के बयान लिए गए। जांच के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से वारदात करना स्वीकार किया है।

जांच में सामने आया कि मोबाइल चोरी करने के बाद आरोपियों ने स्क्रीन लॉक खोलकर गैलरी में रखे आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर हासिल किया। इसके बाद फोन पे, पेटीएम सहित अन्य यूपीआई सेवाओं को आधार से लिंक कर रीसेट किया और बैंक खातों से रकम निकाल ली। पुलिस के अनुसार निकाली गई रकम का एक हिस्सा दूसरे खाते में ट्रांसफर किया गया, कुछ रकम ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाली गई। आरोपियों ने चोरी की रकम से जमकर अय्याशी की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, एक पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपये कैश बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने चकरभाठा निवासी विवेक वर्मा, करन नायक, गौरी शंकर साहू उर्फ लालू और गगन उर्फ शिबू साहू को गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 318(4), 238, 112, 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर सभी आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।