इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड टीचर पर नवरात्रि पर सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए घर बुलाकर उनके साथ मारपीट करने और उन्हें करीब चार घंटे तक बंधक बनाने का आरोप लगा है. शिक्षिका ने बच्चियों पर घर में रखे पैसे चोरी करने का आरोप लगाया. आरोप है कि मारपीट की गई और कपड़े उतरवाकर तलाशी भी ली गई. मामले की जानकारी मिलने पर बच्चियों के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की.

यह पूरा मामला इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित शहनाई रेसीडेंसी का है. यहां सरकारी स्कूल की रिटायर्ड शिक्षिका अनीता मेहता ने करीब सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाया था. आरोप है कि बच्चियां जब उनके घर पहुंचीं तो कुछ देर बाद शिक्षिका ने घर में रखे पैसे चोरी होने की बात कही और इसका आरोप बच्चियों पर लगा दिया.

बच्चियों के मुताबिक, उन्होंने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन शिक्षिका ने उनकी बात नहीं सुनी. आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने बच्चियों को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए. इस घटना से बच्चियां डर गईं और उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए चोरी करने से इनकार किया. इसके बावजूद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट जारी रही.

कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का भी आरोप

इस मामले में बच्चियों के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रिटायर्ड शिक्षिका ने चोरी के शक में बच्चियों के कपड़े उतरवाकर उनकी चेकिंग की. परिजनों के मुताबिक, बच्चियों के साथ मारपीट भी की गई. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया है.

परिजनों का आरोप है कि बच्चियों को करीब चार घंटे तक एक कमरे में बंद रखा गया था. कमरे पर ताला लगा दिया गया था, जिससे बच्चियां बाहर नहीं निकल सकीं. आरोप है कि जब बच्चियों ने शोर मचाया और बाहर निकलने की कोशिश की तो शिक्षिका ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. बच्चियों ने पुलिस को दिए अपने बयान में भी कमरे में बंद किए जाने और मारपीट किए जाने की जानकारी दी है.

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चियों के परिजनों ने एमआईजी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. बच्चियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिटायर्ड शिक्षिका अनीता मेहता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह के मुताबिक, मामले में शिकायत मिली है और बच्चियों के बयान दर्ज किए गए हैं. पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है.

फिलहाल पुलिस बच्चियों के आरोपों और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।