Bokaro Loot: झारखंड में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन का अलर्ट पर है. यहां भारी संख्या में पुलिस वालों की तैनाती है. वहीं दूसरी बेखौफ़ बदमाशों ने प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए बोकारो जिला में दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की लूटकांड की घटना को अंजाम दे दिया. लूटकांड की ये घटना को बोकारो जिला के माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास हुई. घटना शनिवार को हुई.

यहां दो बाइक सवार बदमाशों ने एटीएम में कैश लोड करने जा रहे व्यक्ति को लूट लिया और फिर फरार हो गए. लूट कांड की सूचना मिलते ही माराफारी थाना की पुलिस के साथसाथ पूरे बोकारो जिला की पुलिस ने शहर में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर बदमाशों की पहचान और उनकी धर पकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है.

कुर्मीडीह और बालीडीह के एटीएम में कैश डालना था

जानकारी के मुताबिक, एक निजी कंपनी के पेमेंट सर्विस के बिजनेस पार्टनर विजय कुमार ने बताया कि दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण शनिवार को अधिक राशि निकाली गई थी और उसको कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित कंपनी के एटीएम मशीनों में लोड करना था. एक कर्मी बाइक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर कुर्मीडीह के एटीएम में जा रहा था.

विजय कुमार ने बताया कि इसी दौरान दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक को धक्का मारकर गिरा दिया और उससे 21 लाख 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस मामले में जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट की घटना हुई है. घटना को लेकर आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. इतनी बड़ी रकम निजी बाइक से ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

पुलिस गहनता से जांच में जुटी

लूट कांड के बाद सबसे सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी रकम बिना पर्याप्त सुरक्षा के कैसे ले जाई जा रही थी? फिलहाल लूट कांड के साथसाथ कैश लोड करने के लिए बैंक से एटीएम तक ले जाने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया है नहीं, इन तमाम विषयों को लेकर बोकारो जिला की पुलिस गहनता से जांच में जुट गई है.