बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां पर HRTC बस के पिछले टायर के नीचे आने से एक युवक की मौत हो गई।

जंगलबेरी से शिमला जा रही थी इलेक्ट्रिक बस
जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टैंड से सामने आया है। यहां पर आज बुधवार को जंगलबेरी से शिमला रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। इसी दौरान जब बस स्टैंड से बाहर निकल रही थी तो एक युवक उसके पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसा बस स्टैंड के पास एक गारमेंट्स की दुकान के नजदीक हुआ। बस के टायर के नीचे आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही घुमारवीं पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जरूरी कार्रवाई की। फिलहाल मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
युवक बस की चपेट में कैसे आया, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि युवक बस की चपेट में किन परिस्थितियों में आया। अभी तक हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी बाकी जानकारी सामने आ पाएगी।



