रात में साथ सोई थी, सुबह नींद खुली तो गायब मिली... शादी के 5वें दिन कैश-जेवर लेकर दुल्हन फरार

Agra News: आगरा में एक परिवार ने बेटे की शादी के साथ नए रिश्ते और खुशियों की उम्मीद की थी, लेकिन कुछ ही दिनों में यह सपना कथित धोखाधड़ी में बदल गया. सिकंदरा थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में रहने वाली करीब 50 वर्षीय विधवा गुड्डी देवी ने आरोप लगाया है कि बिचौलियों के जरिए उनके बड़े बेटे की शादी प्रयागराज की प्रीति नाम की युवती से कराई गई.

शादी के कुछ दिन बाद ही दुल्हन घर से कथित तौर पर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर गायब हो गई. पुलिस से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश के बाद अब सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.

बेटे का घर बसाने की उम्मीद में किया रिश्ता

गुड्डी देवी के मुताबिक, उनके बड़े बेटे विश्नू के विवाह के लिए शमशाबाद निवासी जवाहर सिंह ने प्रयागराज की युवती प्रीति का रिश्ता बताया था. आरोप है कि बिचौलियों ने युवती को गरीब और अनाथ बताकर परिवार को भरोसे में लिया और शादी का खर्च भी पीड़िता के परिवार पर डाल दिया.

27 जून 2026 को जवाहर सिंह, कथित भाई डॉ. धारा सिंह और एक अन्य व्यक्ति युवती को लेकर गुड्डी देवी के घर पहुंचे. शादी से ठीक पहले सामान के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई, जिसके बाद परिवार ने एक लाख रुपये नकद और 50,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए. उसी दिन घर पर विवाह की रस्में पूरी हुईं और बिचौलिए वहां से चले गए.

शादी के कुछ दिन बाद घर से गायब हुई दुल्हन

पीड़ित परिवार के अनुसार, शादी के बाद सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन 3 जुलाई की सुबह करीब 4:30 बजे गुड्डी देवी के उठने पर प्रीति घर में नहीं मिली. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तलाश करने पर कथित तौर पर पता चला कि घर से सोने और चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब है.

परिवार का आरोप है कि दुल्हन सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट और अंगूठियों समेत करीब दो तोले सोना, चांदी की पायजेब और करधनी के अलावा 16 हजार रुपये नकद ले गई. आरोप यह भी है कि छोटी बहू के जेवरात और नकदी भी गायब मिले. परिवार के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत चार लाख रुपये से अधिक है.

बिचौलिए पर भी लगाए गंभीर आरोप

गुड्डी देवी का आरोप है कि दुल्हन के गायब होने के बाद उन्होंने बिचौलिये जवाहर सिंह से संपर्क कर उसे वापस लाने की गुहार लगाई, लेकिन शुरुआत में आश्वासन देने के बाद उसने कथित तौर पर मदद से इनकार कर दिया. पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए सीजेएम कोर्ट का रुख किया.

अदालत में दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने शादी के नाम पर रकम लेने और बाद में जेवरात व नकदी लेकर चले जाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद सिकंदरा थाने में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. अब पुलिस मामले में शादी कराने वाले बिचौलियों की भूमिका, पैसे के लेनदेन, कथित दुल्हन की पहचान और शादी के बाद घर से सामान ले जाने के आरोपों की जांच करेगी.