Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सोमवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही पलों में कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं. थाना फरिहा क्षेत्र के पृथ्वीपुर चिडरई गांव के समीप सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पेड़ तेज हवाओं के दबाव में अचानक उखड़कर सड़क से गुजर रहे एक ईरिक्शा और बाइक पर जा गिरा. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरातफरी और चीखपुकार मच गई.

जानकारी के अनुसार, ईरिक्शा में करीब नौ यात्री सवार थे और वह अपने गंतव्य की ओर जा रहा था. इसी दौरान तेज धूलभरी आंधी चलने लगी. कुछ ही क्षणों में सड़क किनारे खड़ा पुराना पेड़ जड़ों समेत उखड़ गया और सीधे ईरिक्शा पर गिर पड़ा. उसी समय पास से गुजर रही एक बाइक भी पेड़ की चपेट में आ गई.

हादसे में पांच लोगों की मौत

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. भारी पेड़ हटाने के लिए मशीनों की सहायता ली गई और कई लोगों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया.

पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनकी पहचान तथा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

मौके पर पहुंचे कई अधिकारी

हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे राहत कार्य पूरा होने के बाद सामान्य कराया गया. प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है.

तेज आंधी और खराब मौसम के चलते हुए इस हादसे ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. सड़क किनारे पुराने एवं जर्जर पेड़ों के समय पर सर्वेक्षण और कटान की आवश्यकता को उजागर कर दिया है.