Himachal Se: Haridwar News: धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे पवित्र और आस्था के केंद्र हर की पैड़ी घाट से मर्यादा को तारतार कर देने वाली घटना सामने आई है. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले चार युवकों ने नशे में धुत होकर पवित्र घाट पर न सिर्फ जमकर हुड़दंग मचाया, बल्कि तीर्थ की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए अश्लील हरकतें और महिलाओं के साथ अभद्रता भी की. सोशल मीडिया पर हुड़दंग का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है. चश्मदीदों के मुताबिक, बागपत से आए चारों युवक इस कदर नशे में डूबे हुए थे कि उनसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था. हद तो तब हो गई जब इन युवकों ने पवित्र गंगा नदी के भीतर ही मर्यादाओं को ताक पर रखकर एकदूसरे को किस करना शुरू कर दिया और अश्लील हरकतें करने लगे.
लड़खड़ाते कदम और हुड़दंग
चश्मदीदों के अनुसार, युवक नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए बाजार में घूम रहे थे और वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नशा इस कदर हावी था कि एक युवक तो गंगा घाट की सीढ़ियों से बाहर तक नहीं निकल पा रहा था. राहगीरों और श्रद्धालुओं द्वारा विरोध करने पर वे उनसे भी उलझ पड़े.
पुरोहितों और संतों में भारी आक्रोश
घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने युवकों की इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और घाट पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया.
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव, विपिन, कपिल शर्मा और विकास के रूप में हुई है. ये सभी यूपी के बागपत के रहने वाले हैं. पुलिस ने चारों का सख्त धाराओं में चालान कर दिया है.
सुरक्षा व्यवस्था और CCTV बढ़ाने की मांग
इस शर्मनाक घटना के बाद हरिद्वार के संतों और तीर्थ पुरोहितों में गहरा रोष है. तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित और अन्य संतों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने कहा कि देवभूमि और पवित्र गंगा घाटों पर नशा और अश्लीलता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संतों ने मांग की है कि धर्मनगरी की पवित्रता बनाए रखने के लिए घाटों और बाजारों में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए और अधिक संख्या में सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जाएं.



