
नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो पार्कों में बैठे कपल्स की तस्वीरें खींचकर उन्हें बदनाम करने की धमकी देता था और फिर डराकर उनसे पैसे व मोबाइल लूट लेता था। पुलिस ने इस गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रितेश, गजेंद्र सोलंकी और पवन उर्फ गुंडी के रूप में हुई है। तीनों को सेक्टर-62 स्थित छोटे डी पार्क के पास से पकड़ा गया। इनके पास से पुलिस ने 12 छीने गए मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई एक एर्टिगा कार, एक अवैध तमंचा और दो चाकू बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कार से अलग-अलग पार्कों में घूमते थे। वहां बैठे कपल्स की चोरी-छिपे फोटो खींचते और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर डरा-धमकाकर मोबाइल और नकदी छीन लेते थे। यही नहीं, रात के समय सड़क पर अकेले चल रहे लोगों को भी निशाना बनाकर लूटपाट करते थे।
पुलिस ने बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन आरोपियों द्वारा दिल्ली में बेच दिए जाते थे और आपस में पैसे बांट लिए जाते थे। बरामद मोबाइलों में से एक फोन हाल ही में सेक्टर-62 इलाके में एक जोमैटो डिलीवरी बॉय से छीना गया था, जिसको लेकर पहले से मामला दर्ज था।
फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में और खुलासे हो सकते हैं।




