शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां IGMC अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने निकले एक व्यक्ति के साथ ऐसा हादसा हुआ कि वह दोबारा उसके पास लौट ही नहीं सका।

उधर अस्पताल में भर्ती पत्नी अपने पति के लौटने और दवाई आने का इंतजार करती रह गई, लेकिन उसे क्या पता था कि उसका जीवनसाथी अब कभी वापस नहीं आएगा। पत्नी के इलाज के लिए निकला पति खुद मौत का शिकार हो गया। शिमला के लक्कड़ बाजार में रात के अंधेरे में सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पत्नी की दवाई लेने गया था पति
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ईश्वर दास (45) पुत्र गणेश दत्त निवासी गांव धार कुफर, डाकघर रोड़ी, तहसील शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ईश्वर दास की पत्नी इन दिनों शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है। बुधवार रात को ईश्वर दास अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने लक्कड़ बाजार गए हुए थे। इसी दौरान उनके साथ यह अनहोनी हो गई।
रात के अंधेरे में गहरी खाई में जा गिरा व्यक्ति
बताया जा रहा है कि लक्कड़ बाजार क्षेत्र में रात के समय अचानक ईश्वर दास का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे। अंधेरे के कारण हादसे का पता चलने तक काफी देर हो चुकी थी। खाई में गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जिस व्यक्ति के हाथों में अपनी पत्नी के लिए दवाई लाने की जिम्मेदारी थी, उसकी जिंदगी का सफर बीच रास्ते में ही खत्म हो गया।
अस्पताल में पति का इंतजार करती रह गई पत्नी
इस हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि ईश्वर दास घर या अपने किसी निजी काम के लिए नहीं, बल्कि अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी की दवाई लेने निकले थे। पत्नी को शायद यही उम्मीद रही होगी कि पति जल्द ही दवाई लेकर वापस लौटेंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। एक तरफ पत्नी अस्पताल में उपचाराधीन हैं, तो दूसरी तरफ उनके पति की हादसे में मौत हो गई। इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
पुलिस ने खाई से निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ईश्वर दास के शव को खाई से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से व्यक्ति के खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका सही पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। एक पति अपनी पत्नी के इलाज की चिंता में घर से निकला था, लेकिन उसकी यह आखिरी यात्रा बन गई।



