Manipur News: मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 600 से अधिक लोग अलगअलग अस्पतालों में भर्ती हैं और इनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर देश में जहरीली शराब के अवैध कारोबार और उससे होने वाली मौतों के भयावह आंकड़ों को सामने ला दिया है. साल 2026 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश के 6 राज्यों में जहरीली शराब पीने से अब तक कुल 126 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें सबसे अधिक 51 मौतें मध्य प्रदेश में दर्ज की गई हैं.

साल 2026 में जहरीली शराब की चपेट में आकर जान गंवाने वालों का आंकड़ा 120 के पार पहुंच चुका है. आंकड़ों के विश्लेषण से साफ है कि जहां पूर्ण या आंशिक शराबबंदी लागू है, वहां भी अवैध व जहरीली शराब का जाल लोगों की जिंदगी लील रहा है.
| राज्य | 2026 में हुई मौतें |
| मध्य प्रदेश | 51 |
| महाराष्ट्र | 22 |
| नागालैंड | 19 |
| मणिपुर | 16 |
| गुजरात | 13 |
| बिहार | 5 |
| कुल मौतें | 126 |
मणिपुर में कहां से आई जहरीली शराब? मेथनॉल मिलाने की आशंका, 10 गिरफ्तार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 2 से 3 दिनों के भीतर शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हुआ. पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रभावित लोगों ने यह शराब मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी थी. प्रारंभिक जांच में शराब में मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई गई है. पुलिस ने इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई सूचना नहीं मिली है, जिससे आशंका है कि दूसरे इलाकों से शराब लाकर यहां बेची गई. सप्लाई करने वालों की तलाश तेज कर दी गई है.
मणिपुर में आंशिक शराबबंदी: 4 जिलों में पाबंदी, इन क्षेत्रों में बिक्री की अनुमति
मणिपुर के चार जिलों इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट, थौबल और बिष्णुपुर में शराबबंदी लागू है. राज्य सरकार की 6 दिसंबर 2023 की अधिसूचना के अनुसार ग्रेटर इम्फाल क्षेत्र, सभी जिलों के मुख्यालयों, पर्यटन स्थलों और कम से कम 20 कमरों वाले होटलों में शराबबंदी कानून वापस लेते हुए शराब बिक्री की अनुमति दी गई थी.
देश के इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शराब पीने पर है पाबंदी
देश में पूर्ण या आंशिक शराबबंदी वाले राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में गुजरात, बिहार, नागालैंड, लक्षद्वीप, सिक्किम, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर शामिल हैं.