Featured Image

UP News: कानपुर पोस्ट ऑफिस में करोड़ों की हेराफेरी का मामला सामने आया है. 25 से अधिक शिकायतें, दो कर्मचारी गिरफ्तार, दिवंगत दंपती के खाते से 7.13 लाख रुपये निकाले गए.

UP News: डाकघर को लोग अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने का भरोसेमंद ठिकाना मानते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आए एक मामले ने इस भरोसे को झकझोर दिया है. यहां घाटमपुर उपडाकघर में बचत योजनाओं के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है. ग्रामीण वर्षों तक पोस्ट ऑफिस की अलग-अलग योजनाओं में पैसे जमा करते रहे, लेकिन जब रकम निकालने या योजना की मैच्योरिटी का समय आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. किसी के खाते में जमा रकम का रिकॉर्ड नहीं मिला, तो कुछ लोगों को पता चला कि उनके नाम पर खाता तक नहीं खोला गया था. मामले में अब तक 25 से अधिक शिकायतें सामने आ चुकी हैं. पुलिस ने डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है.

मैच्योरिटी पर पैसा मांगने पहुंचे तो खुला पूरा खेल

दरअसल, घाटमपुर के ग्रामीणों ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में लंबे समय तक अपनी रकम जमा की थी. लोगों को भरोसा था कि निर्धारित समय पूरा होने पर उन्हें ब्याज के साथ पूरी रकम वापस मिल जाएगी. लेकिन जब खाताधारक अपनी जमा पूंजी निकालने पहुंचे तो डाकघर के रिकॉर्ड में उनकी रकम का कोई हिसाब नहीं मिला. कुछ लोगों की पासबुक पर जमा रकम दर्ज थी, लेकिन विभागीय सिस्टम में खाते का रिकॉर्ड ही नहीं मिला. इसके बाद पीड़ितों ने शिकायतें दर्ज करानी शुरू कीं. अब तक 25 से अधिक आधिकारिक शिकायतें सामने आ चुकी हैं.

दो कर्मचारियों की यूजर आईडी से निकाली गई रकम

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, विभागीय जांच में डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की भूमिका सामने आई है. जांच में पता चला कि खातों से रकम निकालने के लिए शिवम सचान की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया, जबकि लेनदेन को सत्यापित करने के लिए राकेश कुमार मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी का इस्तेमाल हुआ. आरोप है कि दोनों ने अपने पद और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग कर खाताधारकों की जमा पूंजी में हेराफेरी की.

दिवंगत दंपती के खाते से भी निकाल लिए 7.13 लाख रुपये

इस मामले का खुलासा आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद हुआ. उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाते से उनकी मृत्यु के बाद रकम निकाले जाने की शिकायत की थी. जांच में सामने आया कि 23 जनवरी 2025 को खाते से 4.15 लाख रुपये और 28 मई 2025 को 2.98 लाख रुपये निकाले गए. इस तरह कुल 7.13 लाख रुपये खाते से निकाले गए. जांच में इन लेनदेन के लिए दोनों कर्मचारियों की यूजर आईडी के इस्तेमाल की बात सामने आई.

पहले निलंबन, फिर गिरफ्तारी; जेल भेजे गए दोनों आरोपी

डाक विभाग की आंतरिक जांच में दोनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था. इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार की शिकायत पर घाटमपुर थाने में दोनों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गईं. पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस कथित घोटाले में कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं और कितनी रकम की हेराफेरी की गई है.

25 शिकायतों के बाद बढ़ी जांच की चिंता

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वर्षों तक लोगों की जमा पूंजी का हिसाब विभागीय रिकॉर्ड में क्यों नहीं मिला? क्या इस कथित हेराफेरी में केवल 25 लोग ही प्रभावित हैं या फिर पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है? फिलहाल पुलिस और डाक विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।