इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में टीम इंडिया ने पहले पांच ओवर के भीतर ही पांच विकेट गंवा दिए। इसके साथ ही भारत टी20 इंटरनेशनल इतिहास में पावरप्ले के अंदर पहले पांच विकेट खोने वाली पहली बार टीम बनी।

IND vs ENG, India lost 5 wickets in powerplay: भारत और इंग्लैंड के बीच ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही विकेट गंवाने शुरू कर दिए और देखते ही देखते पहले पांच ओवर के भीतर ही आधी टीम पवेलियन लौट गई। इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।

इस खराब शुरुआत के साथ ही टीम इंडिया के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जो इससे पहले कभी नहीं बना था। पहली बार भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के भीतर ही अपने पहले पांच विकेट गंवा दिए। इससे पहले भारत कई बार शुरुआती छह ओवर में चार विकेट खो चुका था, लेकिन पांच विकेट गिरने का यह पहला मौका है।

IND vs ENG: टी20 इंटरनेशनल इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज 52 रन के स्कोर तक अपने पांच बल्लेबाज गंवा दिए। पावरप्ले खत्म होने से पहले ही शीर्ष क्रम पूरी तरह बिखर गया और टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पहली बार हुआ जब भारत ने शुरुआती छह ओवर के भीतर अपने पहले पांच विकेट गंवाए। इससे पहले भारतीय टीम 13 बार पावरप्ले में चार विकेट खो चुकी थी। इनमें इसी साल टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ और आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले का प्रदर्शन भी शामिल था, लेकिन पांच विकेट गिरने का यह पहला मामला बन गया।

JOFRA ARCHER HAS PICKED 3 WICKETS IN 3 OVERS.

India 52/5 chasing 202. pic.twitter.com/ZEjj7XfQ8n

— Mufaddal Vohra July 7, 2026

IND vs ENG: फिल सॉल्ट और सैम करन ने भारत के सामने रखा 202 रन का लक्ष्य

इससे पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। इंग्लैंड ने फिल सॉल्ट की 44 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन बनाए। सॉल्ट ने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। जोस बटलर ने 21 गेंदों में 36 रन की तेज पारी खेली, जबकि अंत में सैम करन ने 24 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाकर इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया।

IND vs ENG: हर्षित और प्रिंस ने दिखाया दम, स्पिनर्स रहे महंगे

भारतीय गेंदबाजों में हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने जरूर प्रभावित किया। हर्षित ने चार ओवर में 40 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि प्रिंस यादव ने 30 रन खर्च कर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हालांकि, स्पिन विभाग टीम के लिए चिंता का कारण बना रहा। अक्षर पटेल ने चार ओवर में 49 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि वरुण चक्रवर्ती तीन ओवर में 35 रन लुटाने के बावजूद कोई सफलता हासिल नहीं कर सके।