इंडोनेशिया के वन मंत्री राजा जुली एंटोनी ने देश में वन्यजीवों के इलाज और संरक्षण को मजबूत करने के लिए वंतारा के साथ एक बड़ी साझेदारी की घोषणा की है. इस योजना की शुरुआत वन्यजीवों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की ट्रेनिंग, मोबाइल अस्पतालों और हाथियों के अस्पतालों को आधुनिक बनाने से होगी.

यह कार्यक्रम वंतारा के सहयोग से चलाया जाएगा. वंतारा दुनिया की बड़ी वन्यजीव संरक्षण पहलों में से एक है. इसकी स्थापना रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने की है. इस साझेदारी में इंडोनेशिया की वन्यजीव संस्था PT फौना लैंड ग्रुप
भी शामिल है.
इंडोनेशिया के वन मंत्री राजा जुली एंटोनी ने कहा कि वन्यजीवों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है. इसके लिए देश में जरूरी सुविधाएं, विशेषज्ञ और संसाधन होने चाहिए. उन्होंने कहा कि वंतारा अपने अनुभव और विशेषज्ञता से इंडोनेशिया की वन्यजीव चिकित्सा और संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेगा. इस साझेदारी के तहत बनाई जाने वाली सभी सुविधाओं और कार्यक्रमों का मालिकाना हक और संचालन इंडोनेशिया सरकार और संबंधित सरकारी संस्थाओं के पास रहेगा.
वंतारा ने क्या कहा?
वंतारा के CEO विवान करणी ने कहा कि इंडोनेशिया दुनिया के सबसे समृद्ध जैव विविधता वाले देशों में से एक है. यहां कई खास और दुर्लभ वन्यजीव पाए जाते हैं. उन्होंने कहा कि वंतारा वन्यजीवों के इलाज, पशु चिकित्सा, देखभाल और संरक्षण से जुड़ा अपना अनुभव इंडोनेशिया के साथ साझा करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि वंतारा इंडोनेशिया के संरक्षण से जुड़े अनुभवों से भी सीखना चाहता है. इस साझेदारी का लक्ष्य वन्यजीवों के लिए ऐसा काम करना है, जिसका लंबे समय तक फायदा मिले.
इंडोनेशिया में वन्यजीव और जैवविविधता
फौना लैंड के CEO डैनी गुनालेन ने कहा, ‘इंडोनेशिया में अद्भुत वन्यजीव और जैवविविधता है और इस प्राकृतिक धरोहर की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है. हमें खुशी है कि हम इंडोनेशिया सरकार और वंतारा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और देश भर में वन्यजीवों की सेहत और देखभाल को बेहतर बनाने के लिए अपनेअपने अनुभव और विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर रहे हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यह साझेदारी स्थानीय क्षमता को बढ़ाएगी, वन्यजीवों के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और सबसे जरूरी बात यह है कि इससे जानवरों और उनकी सुरक्षा के लिए समर्पित लोगों के जीवन में वास्तविक और स्थायी बदलाव आएगा.’
10 मोबाइल अस्पताल होंगे शुरू
इस योजना के तहत इंडोनेशिया में 10 ‘हॉस्पिटल ऑन व्हील्स’ यानी मोबाइल अस्पताल शुरू किए जाएंगे. ये अस्पताल जरूरत के अनुसार जंगलों और दूसरी जगहों पर जाकर जंगली जानवरों का इलाज करेंगे. इसके अलावा हाथियों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों, पशु डॉक्टरों और वन्यजीव अधिकारियों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी.
अस्पतालों को किया जाएगा अपग्रेड
हाथियों के अस्पतालों को अपग्रेड करके एलिफेंट ट्रीटमेंट एंड केयर सेंटर बनाया जाएगा. इसमें आधुनिक उपकरण, तकनीक और इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यह अस्पताल इंसानों की देखरेख में रह रहे 62 सुमात्राई हाथियों और आसपास के जंगलों में रहने वाले करीब 100 जंगली सुमात्राई हाथियों की मदद करेगा.
जानवरों को जंगलों में बसाने का काम होगा
यह साझेदारी इंडोनेशिया सरकार और वंतारा के बीच पहले से हुए MoU का हिस्सा है. इसके तहत वन्यजीवों की सेहत, इलाज, पशु कल्याण और संरक्षण जैसे क्षेत्रों में साथ काम किया जाएगा. साझेदारी में वन्यजीवों के इलाज, संरक्षण, प्रजनन, पुनर्वास और जानवरों को दोबारा उनके प्राकृतिक जंगलों में बसाने जैसे काम भी शामिल हैं. यह वंतारा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संरक्षण गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में भी बड़ा कदम है. वंतारा अपने जामनगर केंद्र में विकसित विशेषज्ञता और अनुभव का इस्तेमाल इंडोनेशिया में वन्यजीवों की मदद के लिए करेगा. इंडोनेशिया सरकार और वंतारा आगे भी देश की जरूरतों और कानूनों के अनुसार इस साझेदारी को और आगे बढ़ाएंगे.



