Featured Image

Farrukhabad Crime News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार को पारिवारिक और संपत्ति विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. जेएस इंटर कॉलेज के पास 17 वर्षीय युवक सत्यम ने कथित तौर पर अपनी दादी लक्ष्मी पर हंसिए से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने मौके पर मौजूद अपनी बहन को भी पकड़कर बंधक बना लिया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.

दादी पर हंसिए से किया हमला

बताया गया कि लक्ष्मी पत्नी जगमोहन सिंह की कोई संतान नहीं थी. उन्होंने शिल्पी नाम की 19 वर्षीय युवती को गोद ले रखा था. वहीं आरोपी सत्यम, संजीव कुमार का बेटा है. परिवार में जमीन और संपत्ति को लेकर काफी समय से विवाद चलने की बात सामने आई है. बुधवार सुबह शिल्पी इलाज के सिलसिले में सैफई गई थी. उस समय घर पर लक्ष्मी के साथ ताई मिथिलेश, ताऊ रामरतन और एक नातिन मौजूद थी.

घर पहुंची नातिन को भी बनाया बंधक

इसी दौरान सत्यम वहां पहुंचा और कथित तौर पर अपनी दादी लक्ष्मी पर हंसिए से हमला कर दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के दौरान मृतका की नातिन मानवी भी घर पहुंच गई. उसने बताया कि मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था. छत के रास्ते घर में पहुंचने पर उसने सत्यम को हाथ में हंसिया लिए देखा.

गला दबाकर हाथ-पैर बांधकर कमरे में किया बंद

आरोप है कि मानवी को देखते ही सत्यम ने उसका गला दबाया और उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया. करीब दस मिनट बाद दादा के घर पहुंचने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ. उन्होंने सत्यम को पकड़ लिया और उसे बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लक्ष्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के भाई ब्रजमोहन ने परिवार के कुछ सदस्यों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या की असली वजह, संपत्ति विवाद और घटना में अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.