भ्रष्टाचार करके अकूत संपत्ति जुटाने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अब कानून से बचना आसान नहीं होगा. भ्रष्ट लोकसेवक की मृत्यु हो जाने के बाद भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में जब्ती की कार्रवाई जारी रह सकती है. इतना ही नहीं, यदि अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति पत्नी, रिश्तेदार या किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर रखी गई है तो उसके खिलाफ भी कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है.

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की ओर से दायर तीन मामलों में महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को मजबूती दी है. इन फैसलों का सीधा असर आय से अधिक संपत्ति के मामलों, बेनामी तरीके से संपत्ति रखने और भ्रष्टाचार के आरोपित सरकारी कर्मचारियों पर पड़ेगा. बिहार सरकार के निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 23 नवंबर को इन फैसलों को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कानूनी सफलता बताया.
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में तीन महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं. पहली, आरोपी लोकसेवक की मृत्यु होने से संपत्ति जब्ती की कार्यवाही अपने आप समाप्त नहीं होगी. दूसरी, सोना रखने की निर्धारित सामान्य सीमा का हवाला देकर उसके स्रोत की जांच से बचा नहीं जा सकेगा. तीसरी, किसी सरकारी कर्मचारी के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर उसे स्वतः निलंबित माना जाएगा.
अधिकारी की मौत के बाद भी नहीं रुकेगी संपत्ति जब्ती की कार्रवाई
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 मार्च 2026 को State of Bihar बनाम Sudha Singh मामले में पटना हाईकोर्ट के फैसले को पलट दिया. मामले में एक सरकारी अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था. अधिकारी की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी के नाम पर मौजूद संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई को चुनौती दी गई थी.
पटना हाईकोर्ट ने अधिकारी की मृत्यु के आधार पर जब्ती की कार्रवाई समाप्त करने का आदेश दिया था. इसके खिलाफ बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने स्पष्ट किया कि बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत संपत्ति जब्ती की कार्यवाही केवल इसलिए समाप्त नहीं हो सकती कि मुख्य आरोपित सरकारी अधिकारी की मृत्यु हो गई है.
यदि संपत्ति पत्नी, रिश्तेदार या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है और उस व्यक्ति को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है, तो उसके खिलाफ जब्ती की कार्यवाही जारी रह सकती है. कोर्ट ने कहा कि आपराधिक मुकदमे का मृत्यु के कारण समाप्त होना और संपत्ति जब्ती की कार्यवाही समाप्त होना दो अलगअलग कानूनी बातें हैं.
500 ग्राम सोने की दलील भी नहीं आई काम
दूसरे महत्वपूर्ण मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 को State of Bihar बनाम फुलपरी कुमारी मामले में बड़ा फैसला सुनाया.
फुलपरी कुमारी और उनके पति के खिलाफ 11 मई 2015 को आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान उनके पास से सोने के आभूषण बरामद हुए थे. बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि आयकर विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार विवाहित महिला 500 ग्राम, अविवाहित महिला 250 ग्राम और पुरुष 100 ग्राम तक सोना रख सकते हैं.
इसी आधार पर पटना हाईकोर्ट ने मई 2026 में उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई को निरस्त कर दिया था.
बिहार सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. जस्टिस के.वी. विश्वनाथन और जस्टिस अरुण पल्लि की पीठ ने हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए स्पष्ट किया कि सोना रखने की निर्धारित सीमा और उस सोने के वैध स्रोत का हिसाब देना दो अलगअलग बातें हैं.
केवल आयकर विभाग के दिशानिर्देशों का हवाला देकर यह साबित नहीं किया जा सकता कि बरामद सोना वैध तरीके से अर्जित किया गया है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में संबंधित व्यक्ति को अपनी संपत्ति और आभूषणों के स्रोत का संतोषजनक हिसाब देना होगा.
कोर्ट ने मामले में निचली अदालत द्वारा लिया गया संज्ञान बहाल कर दिया और मुकदमे को आगे चलाने का निर्देश दिया.
48 घंटे से अधिक जेल में रहे तो स्वतः निलंबन
सुप्रीम कोर्ट का तीसरा महत्वपूर्ण आदेश 6 नवंबर 2026 को विश्वजीत सिंह बनाम बिहार सरकार मामले में आया.
इस मामले में बिहार के एक सरकारी अस्पताल के प्रशासक विश्वजीत सिंह पर एक संविदाकर्मी के बकाया वेतन का भुगतान कराने के बदले 4 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था. मामले में वह करीब 15 दिनों तक न्यायिक हिरासत में रहे थे.
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस मनमोहन की पीठ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार होने के बाद 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहता है तो उसे स्वतः निलंबित माना जाएगा. इसके लिए अलग से निलंबन आदेश जारी करना आवश्यक नहीं है.
सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि संबंधित अधिकारी को पहले निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में निलंबन वापस लेकर उन्हें उसी अस्पताल में उसी पद पर दोबारा तैनात कर दिया गया.
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई और बिहार सरकार को इस मामले को जल्द देखने तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई.
क्या है बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009?
बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 भ्रष्टाचार के मामलों में तेजी से सुनवाई और अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की जब्ती के उद्देश्य से बनाया गया कानून है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस कानून के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने पर राज्य सरकार विशेष प्रक्रिया के जरिए संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर सकती है.
इस कानून की धारा 13 से 19 तक संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया और उससे संबंधित प्रावधान दिए गए हैं.
- धारा 13: अवैध तरीके से अर्जित धन और संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू करने का प्रावधान.
- धारा 14: संबंधित व्यक्ति को नोटिस देकर आय और संपत्ति के स्रोत का हिसाब मांगना.
- धारा 15: सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति के अवैध रूप से अर्जित होने पर निर्णय.
- धारा 18: जब्त संपत्ति का कब्जा राज्य सरकार को दिलाने का प्रावधान.
- धारा 19: निर्धारित परिस्थितियों में जब्ती आदेश रद्द होने या विशेष अदालत से बरी होने पर संपत्ति लौटाने का प्रावधान.
निगरानी ब्यूरो ने बताया भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने इन फैसलों को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण बताया है. उनका कहना है कि बिहार सरकार ने पटना हाईकोर्ट के फैसलों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. शीर्ष अदालत के आदेशों से भ्रष्टाचार के मामलों में कानूनी कार्रवाई का रास्ता और स्पष्ट हुआ है.
इन फैसलों के बाद सरकारी पदों पर रहते हुए अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के लिए परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति रखने, आरोपी की मृत्यु के बाद जब्ती की कार्रवाई रुकवाने और सोने की निर्धारित सीमा का हवाला देकर संपत्ति के स्रोत की जांच से बचने की दलीलें पहले की तरह आसान नहीं रहेंगी.
कुल मिलाकर सुप्रीम कोर्ट के इन तीन फैसलों से बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मजबूती मिली है. अब भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच में सिर्फ सरकारी अधिकारी ही नहीं, बल्कि अवैध संपत्ति अपने नाम पर रखने वाले अन्य लोगों की भूमिका भी कानूनी प्रक्रिया के दायरे में आ सकती है.



