शिमला/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश सहित देशभर के लाखों अग्निवीर युवाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय सेना में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले युवाओं के नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। अब अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार मिलने के बाद शादी को लेकर भी नियमों में बदलावा किया जा रहा है। यानी सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करने वाले युवाओं को अब अपनी पारिवारिक जिंदगी शुरू करने के लिए चार साल का कार्यकाल पूरा होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

अग्निवीर सैनिकों के नियमों में बड़ा बदलाव

हिमाचल प्रदेश को लंबे समय से सैनिकों की भूमि के रूप में पहचान मिली है। प्रदेश के कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, चंबा, बिलासपुर और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश की सीमाओं की रक्षा करने का सपना देखते हैं। ऐसे में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए हिमाचल के युवाओं और उनके परिवारों के लिए यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब तक अग्निवीरों के सामने चार साल की सेवा अवधि के दौरान शादी नहीं करने की शर्त एक बड़ी व्यक्तिगत चुनौती थी। लेकिन नए प्रस्तावित बदलाव के तहत सेवा विस्तार लेने वाले जवानों को निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करने के बाद विवाह की अनुमति मिल सकेगी।

 

मोदी सरकार ने दो साल का दिया है सेवा विस्तार

अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की प्रारंभिक भर्ती चार साल के लिए की जाती है। इस अवधि के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत कुछ अग्निवीरों को नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान है, जबकि अन्य जवानों को सेवा से मुक्त किया जाता है। अब सामने आ रही जानकारी के अनुसार, दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों के लिए नियमों में बदलाव किया गया है।

शादी पर लगी पाबंदी में मिलेगी राहत

अग्निपथ योजना के मौजूदा नियमों के तहत भर्ती के समय उम्मीदवारों का अविवाहित होना जरूरी है। इसके अलावा अग्निवीरों को निर्धारित चार साल की सेवा अवधि के दौरान भी विवाह की अनुमति नहीं होती। लेकिन अब प्रस्तावित बदलाव में सेवा विस्तार लेने वाले जवानों को शादी करने की छूट देने की बात सामने आई है। इसके लिए उन्हें पहले लगभग एक महीने की निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वे विवाह कर सकेंगे। यह बदलाव उन अग्निवीरों के लिए खास राहत लेकर आ सकता है जो सेना में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ निजी जीवन में भी आगे बढ़ना चाहते हैं।

 

छुट्टियों में भी हो सकता है बड़ा इजाफा

अग्निवीरों के लिए केवल शादी के नियमों में ही नहीं, बल्कि छुट्टियों की व्यवस्था में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों को पहले के मुकाबले अधिक अवकाश देने पर विचार किया जा रहा है। मौजूदा व्यवस्था में जहां सालाना 30 दिन की छुट्टी का प्रावधान बताया जाता है, वहीं नए प्रस्ताव के तहत इसे बढ़ाकर 90 दिन तक किया जा सकता है। यदि यह बदलाव लागू होता है तो जवानों को अपने परिवार के साथ समय बिताने, पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने और निजी जीवन की जरूरतों को पूरा करने के लिए अधिक अवसर मिलेंगे। हालांकि, छुट्टियों से संबंधित नए नियमों की अंतिम पुष्टि आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही होगी।

 

अनुशासन और पारिवारिक जिंदगी में संतुलन बनाने की कोशिश

सेना में सेवा के दौरान अनुशासन, प्रशिक्षण और ऑपरेशनल जिम्मेदारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। इसी वजह से अग्निपथ योजना में अग्निवीरों के लिए कई व्यक्तिगत प्रतिबंध निर्धारित किए गए थे। लेकिन अब सेवा विस्तार लेने वाले जवानों के लिए नियमों में संभावित ढील को सेना की जरूरतों और जवानों की पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। शादी और छुट्टियों से जुड़े बदलाव लागू होने पर अग्निवीरों को लंबे समय तक सेना में सेवा देने के लिए बेहतर व्यक्तिगत परिस्थितियां मिल सकती हैं।

हिमाचल के सैन्य परिवारों की भी टिकी रहेंगी नजरें

हिमाचल प्रदेश के हजारों परिवारों में सेना में भर्ती होना आज भी गर्व और सम्मान का विषय है। अग्निपथ योजना शुरू होने के बाद प्रदेश के युवाओं ने भी बड़ी संख्या में इस योजना के तहत सेना में भर्ती होने का विकल्प चुना है। ऐसे में सेवा अवधि बढ़ाने, विवाह की अनुमति देने और छुट्टियों में संभावित बढ़ोतरी जैसे फैसले युवाओं के साथ उनके अभिभावकों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। खासकर उन परिवारों के लिए यह राहत भरी खबर हो सकती है जिनके बेटे अग्निवीर के तौर पर सेना में सेवाएं दे रहे हैं।

 

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

फिलहाल अग्निवीरों के विवाह और छुट्टियों से जुड़े इन बदलावों को लेकर विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है। हालांकि, सरकार और सेना की ओर से विस्तृत आधिकारिक घोषणा तथा नए नियमों का लिखित आदेश अभी सामने आना बाकी है। इसलिए सेवा विस्तार, शादी की अनुमति और 90 दिन की छुट्टियों से जुड़े प्रावधानों की अंतिम स्थिति आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि प्रस्तावित बदलाव लागू होते हैं तो यह अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव साबित हो सकता है। इससे अग्निवीरों को देश की सेवा के साथ अपने पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाने का भी अवसर मिलेगा।