बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश को नशे के दलदल में धकेलने वाले नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब ऐसी रणनीति अपनाई है, जिससे अपराधियों को सिर्फ जेल की सलाखों के पीछे ही नहीं जाना पड़ रहा, बल्कि उनकी वर्षों से खड़ी की गई आर्थिक सल्तनत भी ढहने लगी है। नशे का कारोबार कर करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी करने वाले तस्करों पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अब नशे की खेप पकड़ने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें फ्रीज करने में जुटी है।

बिलासपुर जिले में पुलिस ने पिछले कुछ महीनों के दौरान छह अलग-अलग मामलों में नशा तस्करों और उनके सहयोगियों की कुल 1 करोड़ 66 लाख 67 हजार 733 रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। वहीं, इस वर्ष अब तक पुलिस की ओर से कुल 3 करोड़ 1 लाख 83 हजार 975 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई ने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा दिया है।
नशे की कमाई संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा
बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की गहन जांच शुरू की है। पुलिस की वित्तीय जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने मकान, वाहन और अन्य संपत्तियां खरीदने के लिए पैसा कहां से जुटाया था। इसके साथ ही उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों की संपत्तियों की भी नियमानुसार जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :
जांच के दौरान संबंधित लोग अपनी संपत्तियों को वैध आय के स्रोतों से अर्जित करने के पर्याप्त दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस रणनीति का मकसद साफ है कि नशा बेचकर करोड़ों रुपये कमाने वालों के आर्थिक नेटवर्क को ही खत्म किया जाए। क्योंकि जब तक नशे के कारोबार से मिलने वाला पैसा और उससे खड़ी की गई संपत्ति सुरक्षित रहेगी, तब तक इस अवैध धंधे को पूरी तरह खत्म करना चुनौती बना रहेगा।
डियारा सेक्टर के मामले में 1.02 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस की ओर से की गई छह मामलों की वित्तीय कार्रवाई में सबसे बड़ा मामला सदर थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 03/2024 से जुड़ा है। इस मामले में आयुब खान और अन्य आरोपियों से 9.11 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मामले की जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपियों से जुड़े आर्थिक लेनदेन और संपत्तियों की पड़ताल शुरू की। वित्तीय जांच में आयुब खान का करीब 63.97 लाख रुपये कीमत का मकान सामने आया, जिसे पुलिस ने फ्रीज कर दिया।
इतना ही नहीं, उसके सहयोगी विनय कुमार की स्विफ्ट कार, बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। वहीं, ईशान खान की वेन्यू कार, पिकअप वाहन और स्कूटी भी फ्रीज की गई। इस पूरे मामले में एक मकान और छह वाहनों सहित कुल 1 करोड़ 2 लाख 733 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। यह बिलासपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी वित्तीय कार्रवाइयों में से एक है।
नौ मामलों में आरोपी तस्कर का ट्रक और बैंक बैलेंस भी फ्रीज
बरमाणा थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 25/2023 में अनिल कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ भी पुलिस ने बड़ी वित्तीय कार्रवाई की है। इस मामले की शुरुआती जांच में 15.13 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अनिल कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कुल नौ मामले दर्ज हैं। इसके बाद पुलिस ने उसके और परिवार के सदस्यों की संपत्तियों की वित्तीय पड़ताल की।
जांच के दौरान करीब 20 लाख रुपये कीमत का ट्रक और बैंक खाते में जमा 3.10 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई। इस तरह इस मामले में कुल 23.10 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि अब नशा तस्करी के आरोपियों के लिए अपने आर्थिक लेनदेन और संपत्ति को छिपाना भी आसान नहीं रहने वाला है।
झंडूता में हेरोइन के साथ पकड़े आरोपियों की गाड़ियां भी फ्रीज
झंडूता थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 69/2026 में रविन्द्र कुमार, आशुतोष चंदेल और अन्य आरोपियों से 175 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर आर्थिक कार्रवाई की।
वित्तीय जांच के दौरान रविन्द्र कुमार की करीब 8.50 लाख रुपये कीमत की ऑरा कार और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी फ्रीज की गई। वहीं, आशुतोष चंदेल की करीब 5.50 लाख रुपये कीमत की गाड़ी भी फ्रीज कर दी गई। इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल 16 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की है।
कार और महंगी बाइक पर भी पुलिस का शिकंजा
सदर थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 183/2026 में अजय ठाकुर और अभिषेक से 9.05 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। मामले की वित्तीय जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाया। इसमें अजय ठाकुर की करीब 10 लाख रुपये कीमत की फोर्ड फिएस्टा कार और अभिषेक की 2.10 लाख रुपये कीमत की केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल फ्रीज की गई। इस मामले में कुल 12.10 लाख रुपये की संपत्ति कार्रवाई के दायरे में आई।
बोलेरो कैंपर से लेकर ड्रग मनी तक फ्रीज
स्वारघाट थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 58/2026 में पंकज ठाकुर और आकाशदीप से 12.09 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पंकज ठाकुर की बोलेरो कैंपर और 37 हजार रुपये की ड्रग मनी सहित कुल 11.37 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। वहीं, बरमाणा थाना में दर्ज एफआईआर नंबर 149/2026 में अजय कुमार से 5.83 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। वित्तीय जांच के दौरान उसका करीब 20 हजार रुपये कीमत का स्कूटर और 1.90 लाख रुपये की ड्रग मनी फ्रीज की गई। इस मामले में कुल 2.10 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की गई।
एसपी अभिषेक धीमान बोले- नशे के कारोबार की जड़ पर होगा प्रहार
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि बिलासपुर पुलिस की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशे की सप्लाई और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान करना और उसके आर्थिक स्रोतों पर चोट पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों की संपत्तियों की भी नियमानुसार वित्तीय जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाली अवैध संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज करने के प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।



