कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक दिलचस्प वाकया सामने आया. जहां एक छात्रा के साथ उनकी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर खुब वायरल हो रहा है. छात्रा ने राहुल गांधी को दिल्ली के वायु प्रदूषण का समाधान बताने के लिए चाय पर बातचीत करने का न्योता दे दिया. छात्रा की बेबाकी सुनकर राहुल गांधी समेत वहां मौजूद लोग भी हंसने लगे.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी 16 से 19 नवंबर तक चार दिवसीय अमेरिका के दौरे पर हैं. 17 नवंबर को वह न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अकादमिक जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया. इस दौरान एक छात्रा के साथ उनकी बातचीत का वीडियो सामने आया.
दिल्ली में प्रदूषण का समाधान तैयार किया है छात्रा
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी से बातचीत के दौरान छात्रा ने अपना परिचय रिधि कपूर के रूप में दिया. उसने बताया कि वह नई दिल्ली की रहने वाली है और यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है. छात्रा ने भारत में छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों को लेकर राहुल गांधी से सवाल किया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान उसने दिल्ली के वायु प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया.
कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने राहुल गांधी से सवाल पूछने के लिए माइक लिया. इसके बाद उसने दिल्ली के प्रदूषण का मुद्दा छेड़ दिया. छात्रा ने कहा कि दिल्ली का वायु प्रदूषण एक बड़ी समस्या है और उसने इससे निपटने के लिए एक समाधान तैयार किया है. यह सुनकर राहुल गांधी ने तुरंत उससे पूछा कि आखिर दिल्ली के प्रदूषण की समस्या का समाधान क्या है?
चाय पर चलेंगे तो समझाऊंगी, राहुल से बोली छात्रा
राहुल गांधी के सवाल पर कि दिल्ली के प्रदूषण की समस्या का समाधान क्या है? छात्रा ने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर वह चाहें तो चाय पर इस बारे में बात कर सकती है. छात्रा का यह जवाब सुनकर राहुल गांधी भी मुस्कुरा दिए. उन्होंने कहा कि ठीक है, वे ऐसा कर सकते हैं. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी खूब ठहाके लगाए.
हालांकि, इसके बाद छात्रा ने अपना सवाल जारी रखा. उसने राहुल गांधी से पूछा कि आने वाले समय में भारत में छात्रों के विरोध प्रदर्शनों का भविष्य क्या है? क्या इन आंदोलनों से देश में नागरिक समाज अधिक सक्रिय हो रहा है? उसने यह भी जानना चाहा कि छात्र इन आंदोलनों के जरिए क्या हासिल करना चाहते हैं.
राहुल गांधी ने छात्र आंदोलनों पर क्या कहा?
राहुल गांधी ने छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पिछले करीब 10 साल में उन्होंने देखा है कि देश में छात्र, किसान और ब्लॉगर समेत कई लोग अपनी बात रखने से डरते थे. उन्हें आशंका रहती थी कि सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है, पुलिस परेशान कर सकती है या उन्हें जेल भेजा जा सकता है. लेकिन अब लोगों के भीतर से यह डर कम हुआ है, वे खुलकर अपनी बात रख रहे हैं.
राहुल गांधी ने आगे बताया कि इस बदलाव में छात्र आंदोलनों की बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, उनके मातापिता भी शायद ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते. कोलंबिया यूनिवर्सिटी में हुई इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है. खासतौर पर छात्रा का राहुल गांधी को चाय पर मिलने का न्योता देना.



