मुकेश अंबानी की टेलीकॉम और टेक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में अपनी धमाकेदार शुरुआत दर्ज की है। बाजार में लिस्ट होते ही जियो प्लेटफॉर्म्स भारत की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 12.50 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुँच गया। इस सूची में अब केवल इसकी मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ही इससे आगे है, जिसका मार्केट कैप 15.95 लाख करोड़ रुपये है।

जियो का यह शेयर बीएसई और एनएसई पर अपने इश्यू प्राइस 1,119 रुपये के मुकाबले 21.36 फीसदी की तेजी के साथ 1,359 रुपये पर लिस्ट हुआ। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जियो का आईपीओ देश का अब तक का सबसे बड़ा इश्यू था, जो खुलने के महज 100 मिनट के भीतर ही पूरी तरह से सब्सक्राइब हो गया था।
शेयर बाजार में कदम रखते ही जियो प्लेटफॉर्म्स ने देश की कई दिग्गज और बड़ी कंपनियों को मार्केट कैप के मामले में पीछे छोड़ दिया। इस लिस्टिंग के बाद भारती एयरटेल 11.80 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है। वहीं, एचडीएफसी बैंक 10.40 लाख करोड़ रुपये के साथ चौथे और आईसीआईसीआई बैंक 9.78 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें नंबर पर है।
इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक 8.77 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ छठे, टीसीएस 8.76 लाख करोड़ रुपये के साथ सातवें, बजाज फाइनेंस 5.61 लाख करोड़ रुपये के साथ आठवें, लार्सन एंड टुब्रो 5.61 लाख करोड़ रुपये के साथ नौवें और एलआईसी 4.87 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ दसवें स्थान पर है।



