Konaseema Gas Leak Incident: आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां मंगलवार सुबह तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम के एक गैस कुएं में भारी मात्रा में गैस का रिसाव शुरू हो गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले लगभग 800 स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है. इस साल जिले में ओएनजीसी के कुएं से गैस लीक होने की यह कम से कम चौथी घटना है, जिसने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

ONGC के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे इस गैस कुएं पर मरम्मत का काम चल रहा था, तभी अचानक बड़े पैमाने पर गैस का रिसाव शुरू हो गया. घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और गैस के प्रभाव को बेअसर करने तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है. ओएनजीसी अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जल्द ही इस पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा.
जिला प्रशासन और जिलाधिकारी के निर्देश
कोनसीमा के जिलाधिकारी महेश कुमार रविराला ने एक न्यूज एजेंसी को जानकारी दी कि गैस रिसाव वाले स्थान से एक किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह खाली करा लिया गया है. इस दायरे में आने वाले करीब 400 से 500 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है. स्थानीय निवासियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे एहतियात के तौर पर अपने घरों में बिजली के उपकरणों, लाइट और गैस चूल्हों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. जिला प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए सभी नागरिकों के लिए दोपहर और रात के खाने की उचित व्यवस्था की है.
जिलाधिकारी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. राहत की बात यह है कि गैस आसपास फैलने के बजाय ऊपर की ओर जा रही है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
कोनसीमा जिले में ओएनजीसी के कुओं से गैस लीक होने की घटनाएं आम होती जा रही हैं. इसी साल जनवरी के महीने में जिले के मोरी गांव में एक गैस कुएं में भीषण विस्फोट हुआ था, जिसके बाद लगी आग बुझने में करीब पांच दिन लग गए थे. सालभर के भीतर इस तरह की कई घटनाएं सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यावरणविदों में ओएनजीसी के सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं.



