Mumbai News: मुंबई के अंधेरी पुलिस स्टेशन से अनुशासनहीनता का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के तबादले की खबर मिलते ही एक महिला पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर थाने परिसर में ही पटाखे फोड़कर जश्न मनाया. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म है. बताया जा रहा है कि महिला पुलिसकर्मी का पति एक आईपीएस अधिकारी है, जिसका रौब दिखाकर वह थाने के अन्य कर्मचारियों पर भी दबाव बनाती थी.

जानकारी के मुताबिक, अंधेरी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उमेश मच्छिंद्र का 13 नवंबर को मुंबई पुलिस की विशेष शाखा1 में तबादला कर दिया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि उनकी पदोन्नति में केवल छह महीने ही शेष बचे थे. उनके स्थान पर अजय कुलकर्णी ने कार्यभार संभाला है.

आरोप है कि संबंधित महिला पुलिसकर्मी की शिकायत के बाद बिना किसी विस्तृत जांच के उमेश मच्छिंद्र का तबादला कर दिया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जैसे ही तबादले की सूचना मिली, महिला पुलिसकर्मी ने थाने परिसर में पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

IPS पति की धौंस देने का आरोप, चार रिपोर्ट भेजने के बाद भी नहीं हुई थी कार्रवाई

पुलिस महकमे में चर्चा है कि संबंधित महिला पुलिसकर्मी काम से जी चुराती थी और कुछ भी कहने पर सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहती थी कि उसका पति एक IPS अधिकारी है. आरोप यह भी है कि वह थाने के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाती थी और अपने पति के माध्यम से ही उसने वरिष्ठ निरीक्षक के तबादले का दबाव बनवाया.

बताया जा रहा है कि थाने के अन्य कर्मचारियों द्वारा महिला के व्यवहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उमेश मच्छिंद्र ने उच्चाधिकारियों को चार रिपोर्ट भेजी थीं. लेकिन महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होने के बजाय उल्टा निरीक्षक का ही तबादला कर दिया गया, जिसे लेकर पुलिस बल में तरहतरह की चर्चाएं हो रही हैं.