Jabalpur News: जबलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात का CCTV सामने आया है. दमोह नाका स्थित एक रेस्टोरेंट में मुस्कान चौधरी की हुई हत्या का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है. 3 मिनट 5 सेकंड के इस वीडियो ने हत्याकांड की भयावहता को उजागर कर दिया है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे साथ काम करने वाले सिरफिरे युवक ने मामूली विवाद के बाद किचन में रखी चाकू से युवती पर एक के बाद एक चार बार ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया.

यह वारदात 14 अगस्त की शाम 4 बजे ISBT के पास संचालित एक रेस्टोरेंट में अंजाम दी गई थी. मृतका मुस्कान चौधरी रेस्टोरेंट में काम करती थी. पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन किचन में काम करने के दौरान कर्मचारी पवन के साथ हंसीमजाक चल रही थी. इसी दौरान छींटाकशी और आपसी कहासुनी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सहकर्मी पवन बर्मन आपा खो बैठा. पवन ने किचन में सब्जी काटने वाली चाकू उठाई और देखते ही देखते मुस्कान पर हमला बोल दिया. वीडियो में आरोपी बेरहमी से मुस्कान के पेट में चार बार चाकू घोंपता हुआ नजर आ रहा है.

वारदात के वक्त किचन में रेस्टोरेंट का एक अन्य कर्मचारी भी मौजूद था, जिसके सामने आरोपी वार करता रहा. चाकू लगने के बाद मुस्कान खून से लथपथ होकर मदद के लिए गिड़गिड़ाती रही. मौके पर मौजूद कर्मचारी ने दौड़कर अन्य स्टाफ को घटना की जानकारी दी. सहकर्मी तुरंत मुस्कान को गंभीर हालत में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी पवन बर्मन को गिरफ्तार कर लिया

घटना के बाद गोहलपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पवन बर्मन को भोला नगर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया था. अब सामने आया CCTV फुटेज इस मामले में सबसे अहम सबूत बन गया है. वीडियो में हमले का पूरा घटनाक्रम, आरोपी की आक्रामकता और घटना के समय मौजूद परिस्थितियां साफ दिख रही हैं. पुलिस इस फुटेज को केस डायरी में मजबूत डिजिटल साक्ष्य के रूप में शामिल कर रही है.

ये भी पढे़ं

उधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद मृतका के परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और चक्काजाम करने की कोशिश की. परिजनों का आरोप है कि रेस्टोरेंट में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे. वहीं परिजनों ने मांग करते हुए कहा कि जांच सिर्फ आरोपी पवन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. रेस्टोरेंट संचालक की भूमिका, वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था और घटना के वक्त स्टाफ के रवैये की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

वहीं पूरे मामले में गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे का कहना है कि मुख्य आरोपी पवन बर्मन को गिरफ्तार किया जा चुका है. अब CCTV फुटेज के आधार पर घटना के एकएक बिंदु की जांच की जा रही है. परिजनों द्वारा रेस्टोरेंट प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जो सवाल उठाए गए हैं, उन सभी पहलुओं पर भी जांच की जाएगी. फिलहाल पुलिस अब फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि मृतका को न्याय और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.