शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने लंबित बिजली बिलों की वसूली के लिए सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। अब बिल जमा करने की अंतिम तारीख बीतने के बाद बकायादार उपभोक्ताओं को अलग से नोटिस देने की प्रक्रिया में समय नहीं लगाया जाएगा। निर्धारित समय पर भुगतान नहीं होने पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। खास बात यह है कि आम उपभोक्ताओं के साथ सरकारी विभागों पर भी बोर्ड की करोड़ों रुपये की देनदारी है।

जल शक्ति विभाग पर 250 करोड़ की देनदारी

बिजली बोर्ड के मुताबिक, प्रदेश में सबसे बड़ी बकाया राशि जल शक्ति विभाग के पास है। विभाग पर करीब 250 करोड़ रुपये के बिजली बिल लंबित हैं। इस रकम की वसूली के लिए बोर्ड प्रबंधन ने जल शक्ति विभाग को पत्र भेजकर जल्द भुगतान करने को कहा है। जल शक्ति विभाग उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के पास है। इसके अलावा कई सरकारी अस्पतालों के बिजली बिल भी समय पर जमा नहीं हो रहे हैं।

 

अंतिम तारीख के बाद कटेगा कनेक्शन

बोर्ड प्रबंधन की हालिया समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली बढ़ाने और लंबित बिलों का भुगतान सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बिल जमा करने की समय सीमा समाप्त होते ही डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाए।

 

 

 

इसके लिए अलग से नोटिस देने का इंतजार नहीं किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि समय पर बिलों का भुगतान नहीं होने से उसकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। इसलिए वसूली प्रक्रिया को प्रभावी बनाना जरूरी है।

28 लाख उपभोक्ताओं के भुगतान पर रहेगी नजर

प्रदेश में बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ता हैं। इनके अलावा सरकारी विभागों पर भी बड़ी रकम बकाया है। हालांकि अधिकतर सरकारी कार्यालयों में प्री-पेड मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन पुरानी देनदारियों की वसूली अभी बाकी है।

बोर्ड प्रबंधन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी विभागों और आम उपभोक्ताओं के बकाया बिलों की नियमित समीक्षा की जाए। लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले विभागों को पत्र भेजकर वसूली तेज की जाएगी।