Faridabad News: फरीदाबाद में 10वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र अर्जुन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाली कहानी सामने आई है. मवई स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में अपनी क्लासमेट लड़की के घर अर्जुन का शव मिला था. अर्जुन के परिजनों का कहना था कि लड़की के घर वालों ने उसे बुलाकर मार डाला था. मगर अब इस केस में कुछ और ही कहानी सामने आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन ने खुद टाई का फंदा लगाकर जान दी थी.

इस घटना के बाद उपजे भारी जनआक्रोश और लड़की के घर में 250 से 300 लोगों की भीड़ द्वारा की गई भीषण तोड़फोड़ के मामले में एक्शन हुआ है. खेड़ी पुल थाना पुलिस ने उपद्रवियों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, साई नगर पार्ट2 निवासी अर्जुन और मवई की रहने वाली लड़की फरीदाबाद के एक ही स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ते थे.

अर्जुन ने करीब 2 साल पहले ही इस स्कूल में एडमिशन लिया था. दोनों के बीच सामान्य सहपाठियों की तरह क्लास के नोट्स, पढ़ाई और डाउट्स को लेकर सामान्य बातचीत शुरू हुई थी. इसी सामान्य बातचीत के बीच अर्जुन लड़की से गहरी दोस्ती और एकतरफा प्यार करने लगा. वह कई बार लड़की के सामने दोस्ती का प्रस्ताव रख चुका था, लेकिन लड़की ने हर बार उसका प्रस्ताव सिरे से ठुकरा दिया था.

एक हफ्ते पहले स्कूल पहुंची थी शिकायत, परिवार ने मांगी थी माफी

लड़की ने जब अर्जुन की हरकतों और दबाव बनाने की जिद के बारे में अपने परिजनों को बताया, तो मामला गंभीर हो गया. करीब एक हफ्ते पहले लड़की के पिता ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल और मैनेजमेंट से अर्जुन की शिकायत की थी कि वह उनकी बेटी को परेशान कर रहा है. उस दौरान स्कूल प्रशासन के सामने अर्जुन के परिजनों ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी थी. उस समय मामला शांत समझकर पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी.

घर में अकेली थीं 70 साल की दादी, ब्यूटी पार्लर में टाई से लगाया फंदा

घटना वाले दिन को लड़की अपने छोटे भाई को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से बाहर गई हुई थी. घर पर केवल उसकी 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी मौजूद थीं. अर्जुन जिद पर अड़कर लड़की के घर पहुंच गया. घर के निचले हिस्से में बने ब्यूटी पार्लर के कमरे में उसने अपनी ही स्कूल ड्रेस की टाई से फंदा बनाया और फांसी पर झूल गया. ट्यूशन से वापस लौटी लड़की ने जब कमरे में छात्र का शव लटकते देखा, तो उसके होश उड़ गए. उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

खबर मिलते ही जुटी 300 लोगों की भीड़, घर में जमकर की तोड़फोड़

छात्र की मौत की खबर फैलते ही साई नगर और आसपास के इलाके से लगभग 250 से 300 लोगों की उग्र भीड़ लड़की के घर पर टूट पड़ी. आक्रोशित भीड़ ने घर का सारा कीमती सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया और घर में जमकर तोड़फोड़ की. मौके पर पहुंची खेड़ी पुल थाना पुलिस के साथ भी भीड़ में शामिल लोगों ने धक्कामुक्की और मारपीट की. पुलिस बल को अतिरिक्त फोर्स बुलाकर भीड़ को खदेड़ना पड़ा और सुरक्षा के तौर पर लड़की के परिवार को ऊपरी मंजिल पर सुरक्षित शिफ्ट किया गया.

दोनों परिवार बिहार के रहने वाले; पुलिस ने 9 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक अर्जुन का परिवार और लड़की का परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और लंबे समय से फरीदाबाद में किराए के मकानों में रह रहे हैं. लड़की की मां ब्यूटी पार्लर चलाती हैं और पिता दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. वहीं अर्जुन के पिता भूषण कबाड़ का कारोबार करते हैं. अर्जुन पांच भाईबहनों में चौथे नंबर पर था.

मृतक के पिता भूषण ने लड़की के परिवार पर बेटे की हत्या कर फंदे पर लटकाने की शिकायत दी है. वहीं, पुलिस पर हमला, सरकारी काम में बाधा डालने और घर में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने बलराज, राजेश चौहान, दीपक चौहान, परशुराम, मानिक चंद, विकास कुमार, नितीश, साधु और पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है. खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, शुरुआती फोरेंसिक और घटनास्थल की जांच से साफ है कि मामला आत्महत्या का है. शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।