Himachal Se: Jabalpur News: जबलपुर जिले के धनवंतरी नगर चौक स्थित ‘OYO Hotel Relax Inn’ के रूम नंबर9 में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस, FSL टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला 6 मई की रात एक युवक के साथ होटल में ठहरी थी, लेकिन घटना सामने आने के समय युवक मौके से गायब मिला. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अब पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है.

पतिपत्नी बताकर होटल में रुके थे दोनों
होटल के मैनेजर पंकज झारिया ने बताया कि 6 मई की रात 8 बजकर 44 मिनट पर एक युवक और महिला होटल पहुंचे थे. होटल रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों ने खुद को पतिपत्नी बताया था. युवक की पहचान मुत्थु बंसल पिता भुल्लू बंसल निवासी भौदलखेड़ी जिला दमोह के रूप में दर्ज की गई. दोनों ने होटल में दो दिन रुकने के लिए कमरा लिया था. एंट्री के दौरान केवल युवक की आईडी जमा कराई गई थी, जबकि महिला की कोई आईडी जमा नहीं कराई गई. युवक ने मुत्थु बंसल नाम से ड्राइविंग लाइसेंस जमा कराया था, जिसके आधार पर होटल स्टाफ ने उन्हें कमरा दे दिया.
मैनेजर पंकज झारिया के मुताबिक, दोनों कुछ देर बाद खाना लेने बाहर गए थे और फिर वापस कमरे में लौट आए. अगले दिन चेकआउट टाइम के दौरान जब वह रूम नंबर9 चेक करने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. उन्होंने कई बार आवाज लगाई और गेट खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने दरवाजे को हल्का धक्का दिया तो वह खुल गया. कमरे के अंदर सन्नाटा था. मैनेजर ने बताया कि उन्हें स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत दरवाजा वापस बंद किया और वहां से लौट आए. बाद में होटल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई.
महिला के हाथ में बना था टैटू
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की गई. कमरे के अंदर महिला मृत अवस्था में मिली, जबकि उसके साथ ठहरा युवक वहां मौजूद नहीं था. वहीं महिला के हाथ में टैटू बना था, जिसमें ‘सोनू नरबद’ लिखा हुआ था. इसके अलावा कमरे के अंदर शराब की बोतल भी मिली. रिसीव पुलिस ने जब्त कर लिया और फिंगरप्रिंट जांच के लिए भेज दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने होटल के संचालक यश जैन और मैनेजर पंकज झारिया को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
CSP गोरखपुर एमडी नागोटिया ने बताया कि होटल में महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला 6 मई को एक पुरुष मित्र के साथ होटल में ठहरी थी. जब होटल स्टाफ को संदेह हुआ और उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो महिला मृत मिली, जबकि युवक वहां नहीं था. होटल में लगे CCTV कैमरे की DVR को जब्त किया गया है. इसके साथ ही दमोह और जबलपुर में युवक को पकड़ने के लिए टीम रवाना की गई है.
CSP ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे सीधे तौर पर किसी अपराध की पुष्टि हो सके. घटनास्थल से मिले फिजिकल एविडेंस और FSL जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी हुई है और होटल के CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है.



