धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में जमीन के टुकड़ों को लेकर विवाद किस तरह रिश्तों पर भारी पड़ रहे हैं, इसके मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। कहीं जमीन के लिए भाई-भाई आमने-सामने हो जाते हैं तो कहीं संपत्ति के विवाद में मारपीट और हत्या तक की घटनाएं सामने आ जाती हैं। लेकिन कांगड़ा जिले से सामने आया एक मामला रिश्तों को शर्मसार करने वाला है। यहां एक बेटे ने रास्ते से जुड़े विवाद का समाधान करवाने के बहाने अपनी ही बुजुर्ग मां की जमीन अपने नाम करवा ली।

 

आरोप है कि 76 वर्षीय मां को दस्तावेजों के बारे में गुमराह कर जमीन की सैटलमेंट डीड और गिफ्ट डीड अपने नाम करवा ली गई। मां को जब इस धोखाधड़ी का पता चला तो मामला अदालत पहुंचा। अब कोर्ट ने बुजुर्ग महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए दोनों दस्तावेजों को अवैध घोषित कर रद्द कर दिया है। साथ ही महिला को जमीन का मालिकाना हक और कब्जा देने के आदेश जारी किए हैं।

 

रास्ते का विवाद सुलझाने के नाम पर रचा खेल

यह मामला कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के गांव परेई का है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां रहने वाली 76 वर्षीय कमलेश कुमारी ने अपने दोनों बेटों संदीप कुमार और कुलदीप सिंह के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया था। महिला के अनुसार, उसके बड़े बेटे संदीप कुमार ने रास्ते से जुड़े विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाया था। इसी सिलसिले में उसने मां से स्पेशल पावर ऑफ अटॉर्नी (एसपीए) बनवाने की बात कही। बुजुर्ग मां को भरोसे में लेकर दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करवाई गई, लेकिन महिला का आरोप था कि इस प्रक्रिया की आड़ में उसके बेटे ने जमीन अपने नाम करवाने के लिए सैटलमेंट डीड और गिफ्ट डीड तैयार करवा ली।

 

मां को गुमराह कर अपने नाम करवा ली जमीन

महिला की ओर से अदालत में पेश किए गए मामले के मुताबिक, उसे बताया गया था कि दस्तावेज रास्ते से जुड़े विवाद के समाधान के लिए तैयार किए जा रहे हैं, जबकि वास्तव में जमीन के हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाए गए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर जमीन का इंतकाल भी बेटे संदीप कुमार के नाम दर्ज करवा दिया गया। महिला का आरोप था कि इस तरह उसे जानकारी दिए बिना उसकी संपत्ति पर बेटे ने अपना अधिकार स्थापित कर लिया।

 

 

 

मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब महिला ने आरोप लगाया कि बाद में दोनों बेटे उसे घर और जमीन से बेदखल करने की धमकियां देने लगे। जिस संपत्ति को बुजुर्ग महिला ने अपने जीवनभर की मेहनत और परिवार के सहारे के रूप में संभालकर रखा था, उसी को लेकर उसे कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कोर्ट से बुजुर्ग मां को मिला इंसाफ

न्याय पाने के लिए कमलेश कुमारी ने अदालत में याचिका दायर की। मामले की सुनवाई वरिष्ठ सिविल जज डॉ. वास्तविकता ढांडा की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान महिला के बयान एक अन्य गवाह की गवाही और राजस्व रिकॉर्ड को साक्ष्य के रूप में पेश किया गया। इन साक्ष्यों से महिला के दावे की पुष्टि हुई। दूसरी ओर, मामले में नामजद दोनों बेटे अदालत में पेश नहीं हुए और न ही महिला की ओर से प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों का विरोध किया। अदालत ने उपलब्ध रिकॉर्ड और गवाही का परीक्षण करने के बाद महिला के पक्ष में फैसला सुनाया।

 

बेटे के नाम की सैटलमेंट डीड और गिफ्ट डीड रद्द

अदालत ने मामले में अहम फैसला देते हुए संदीप कुमार के नाम की गई सैटलमेंट डीड और गिफ्ट डीड को अवैध घोषित कर रद्द कर दिया। साथ ही इन दस्तावेजों के आधार पर किए गए जमीन के हस्तांतरण को भी स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने 76 वर्षीय कमलेश कुमारी को संबंधित जमीन का मालिकाना हक और कब्जा देने के आदेश जारी किए हैं।

 

जमीन के लिए रिश्तों को दांव पर लगाने का एक और मामला

कांगड़ा जिले का यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि संपत्ति के विवाद किस तरह परिवारों के भीतर गंभीर परिस्थितियां पैदा कर सकते हैं। जिस मां ने अपने बच्चों को जन्म देकर उनका पालन-पोषण किया, उसी मां को अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ी। हालांकि, अदालत के फैसले से बुजुर्ग महिला को बड़ी कानूनी राहत मिली है।