अयोध्या राम मंदिर में चोरी के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि कोई कल्पना करता था, कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि का विवाद समाप्त हो पाएगा? आज अयोध्या में प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है. लाखों श्रद्धालु अयोध्या धाम में आ रहे हैं. काशी में काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण हो गया है. विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी धाम का निर्माण हो गया है. हजारों सालों से चली आ रही कुंभ की परंपरा, आप देख रहे होंगे, कुंभ हजारों वर्षों से हो रहे हैं, लेकिन दिव्य और भव्य कुंभ भी हो, ये पहली बार हो रहा है.

सीएम योगी ने कहा कि कुंभ स्वच्छ भी हो, स्मार्ट भी हो, ये पहली बार हो रहा है. पिछली सरकारों ने कुंभ को भगदड़ का, कुंभ को अव्यवस्था का, कुंभ को अराजकता का, कुंभ को गंदगी का पर्याय बना दिया था, और इसीलिए दुनिया के अंदर एक धारणा बन चुकी थी कि कुंभ का मतलब गंदगी, कुंभ का मतलब भगदड़. सीएम ने कहा कि उस धारणा को बदला है, ये तब बदली है जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है.

▶ गोरखपुर से बोले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
▶ किसी ने नहीं सोचा था कि राम मंदिर बनेगा सीएम योगी #CMYogi #RamMandir #Ayodhya #RamTemple #UPNews | @pragatisocial pic.twitter.com/YHk7DUPKMX

— TV9 Bharatvarsh June 27, 2026

’25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर मध्यम वर्ग में आ गए’

दो दिन के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के उद्घाटन पर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हमने पिछले 12 सालों में बदलते भारत को देखा है. किसने सोचा था कि 12 करोड़ गरीब लोगों के घरों में शौचालय बनेंगे, या प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए 4 करोड़ गरीब परिवारों को सिर पर छत मिलेगी? अब लाखों लोगों को घरों में लगे नलों से साफ पीने का पानी मिल रहा है.

उन्होंने कहा कि 50 करोड़ गरीब लोगों को आयुष्मान भारत योजना का फायदा मिल रहा है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है. यही जनकल्याणकारी सोच है जिसकी वजह से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर मध्यम वर्ग में शामिल हो पाए हैं और भारत की विकास यात्रा में सक्रिय रूप से हिस्सा ले पा रहे हैं. हम पूरे देश को एक साझा विचारधारा के तहत एकजुट कर रहे हैं और अपने मूल्यों को भारत की मूल भावना, उसकी विचारधारा और उसकी विरासत के साथ जोड़ रहे हैं.”