
उत्तर प्रदेश में किराया मांगने पहुंची मकान मालकिन की उसके ही किरायेदार दंपति ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पिछले कई महीनों से किराया नहीं देने वाले पति-पत्नी ने पहले महिला की जान ली और फिर शव के टुकड़े कर सूटकेस में भर दिए। इसके बाद वे शव को ठिकाने लगाने की तैयारी में थे, लेकिन घर में काम करने वाली नौकरानी की सूझबूझ से उनका पूरा खेल बिगड़ गया और सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हो गया।
किराया मांगने पहुंची थी मकान मालकिन
जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका दीपशिखा शर्मा अपने दूसरे फ्लैट में रहने वाले किरायेदारों से किराया लेने पहुंची थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता पिछले करीब छह महीनों से किराया नहीं दे रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ और आरोप है कि किरायेदार दंपति ने दीपशिखा की हत्या कर दी।
सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपाया शव
हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े किए और उन्हें एक सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया। इसके बाद दोनों शव को बाहर ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी करने लगे। इसके लिए उन्होंने ऑटो भी बुला लिया था।
इसी दौरान घर में काम करने वाली नौकरानी मिनी वहां पहुंच गई। उसने अजय और आकृति को लाल रंग का सूटकेस लेकर बाहर जाते देखा। पूछने पर दंपति ने बताया कि वे शॉपिंग करने जा रहे हैं और सूटकेस में सामान है।
नौकरानी की सूझबूझ से खुला हत्याकांड
मिनी को दोनों की बातों पर शक हुआ। उसने आरोपियों से कहा कि जब तक मकान मालकिन का पता नहीं चलता, वे कहीं नहीं जाएंगे। इसके बाद दोनों सूटकेस लेकर वापस फ्लैट में चले गए।
नौकरानी ने मौका देखकर बाहर से फ्लैट का दरवाजा बंद कर दिया और सोसायटी के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। जब गार्ड और अन्य लोगों ने जांच की तो पता चला कि दीपशिखा फ्लैट से बाहर निकली ही नहीं थी। उसका फोन भी नहीं उठ रहा था।
इसके बाद किरायेदार दंपति से सख्ती से पूछताछ की गई तो कथित तौर पर दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अजय गुप्ता तथा आकृति गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, नौकरानी मिनी समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



