
Importance of Time in Life: पैसा जरूरी है, लेकिन परिवार और रिश्तों के लिए समय देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यह लोककथा समझाती है कि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता।
Importance of Time in Life: अक्सर हम जीवन की आपाधापी में इतना उलझ जाते हैं कि हमें इस बात का अहसास ही नहीं होता कि हम क्या खो रहे हैं। सुबह से देर रात तक सिर्फ काम, और काम के पीछे भागती जिंदगी। एक पुरानी और प्रासंगिक लोककथा इसी कड़वे सच से हमारा सामना कराती है। कहानी एक ऐसे शख्स की है, जिसका पूरा ध्यान सिर्फ ज्यादा से ज्यादा धन जुटाने पर था। उसके पास आलीशान घर था, हर तरह की सुख-सुविधाएं थीं, लेकिन अपनों के लिए एक पल की फुर्सत नहीं थी। पत्नी और बच्चे जब भी उसके साथ बैठकर दो बातें करने की इच्छा जताते, तो उसका एक ही जवाब होता—”अभी थोड़ा और पैसा कमा लूं, फिर आराम से पूरा समय परिवार को ही दूंगा।” दिन बीतते गए, बच्चे बड़े हो गए और उसकी पूरी उम्र इसी आपाधापी में निकल गई। संपत्ति तो कई गुना बढ़ गई, पर रिश्तों के बीच की दूरी भी उतनी ही गहरी होती चली गई। फिर एक दिन अचानक उसके सामने यमराज आ खड़े हुए।
यमराज ने कहा कि उसके जीवन की सांसें अब पूरी हो चुकी हैं और उसे साथ चलना होगा। यह सुनते ही उस व्यक्ति के पैर तले जमीन खिसक गई। रोते हुए उसने यमराज से गुहार लगाई, मैंने तो जिंदगी में कभी अपनों के साथ सुकून का एक पल भी नहीं बिताया। मेरी सारी दौलत ले लीजिए, लेकिन मुझे परिवार के साथ बिताने के लिए सिर्फ एक दिन दे दीजिए। इस पर यमराज ने गंभीर होकर कहा, “दुनिया की कोई भी दौलत बीता हुआ एक पल भी वापस नहीं खरीद सकती। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तुम्हें जो समय मिला था, उसे तुम पैसों के लालच में गंवा चुके हो।” यमराज की बातें सुनते ही उस व्यक्ति को समझ आ गया कि उसने जीवन की सबसे बड़ी भूल कर दी है। पछतावे के सिवा अब उसके पास कुछ नहीं बचा था। यमराज ने उसके प्राण हर लिए, पर पीछे छोड़ गए एक बड़ा सबक।
इस कहानी से मिलती हैं ये 10 बड़ी सीख
यह कथा हमें सिखाती है कि पैसा सिर्फ जरूरतें पूरी कर सकता है, खुशियां और रिश्ते नहीं खरीद सकता। अगर आप भी दिन-रात सिर्फ काम में जुटे रहते हैं, तो इन बातों पर जरूर गौर करें:
काम और परिवार के बीच लकीर खींचें: काम कितना भी जरूरी हो, परिवार को नजरअंदाज करना सही नहीं है। अपने माता-पिता और जीवनसाथी के साथ संवाद बनाए रखें।
क्वालिटी टाइम निकालें: यह जरूरी नहीं कि आप रोज घंटों का वक्त दें। दिन का 20-30 मिनट का समय भी अगर आप पूरे मन से अपनों के साथ बिताते हैं, तो रिश्ते मजबूत रहते हैं।
बच्चों का बचपन दोबारा नहीं आता: बच्चे बहुत तेजी से बड़े होते हैं। उनके साथ खेलना, उनकी छोटी-छोटी बातें सुनना ऐसी यादें बनाता है जो उम्र भर साथ रहती हैं।
छुट्टियों को सिर्फ पेंडिंग वर्क में न गंवाएं: वीकेंड या छुट्टी के दिन को सिर्फ काम निपटाने में न लगाएं। परिवार के साथ बाहर जाएं या घर पर ही साथ मिलकर वक्त बिताएं।
जरूरत और लालच की सीमा तय करें: अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना सही है, लेकिन जब धन संचय की भूख अपनों से दूर करने लगे, तो संभल जाने की जरूरत होती है।
मी-टाइम भी है जरूरी: जीवन सिर्फ जिम्मेदारियां ढोने के लिए नहीं है। अपनी सेहत, मानसिक शांति और हॉबीज के लिए भी समय निकालें।
खुशियों के लिए किसी खास मौके का इंतजार न करें: प्रेम और परवाह जताने के लिए जन्मदिन या त्योहार का इंतजार मत कीजिए। रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातें ही रिश्तों को नया जीवन देती हैं।
कल पर बातें न टालें: भविष्य संवारने के चक्कर में आज को दांव पर न लगाएं। कल क्या होगा कोई नहीं जानता, इसलिए जो पल आज पास हैं, उन्हें खुलकर जिएं।
पैसा साधन है, साध्य नहीं: पैसा जीवन चलाने का जरिया है, खुद जीवन नहीं। इसे एकमात्र लक्ष्य बना लेने से अंत में केवल अकेलापन ही हाथ लगता है।
समय का कोई रिवर्स गियर नहीं होता: खोया हुआ पैसा दोबारा कमाया जा सकता है, लेकिन बीते हुए दिन वापस नहीं आते। इसलिए आज ही अपने काम और अपनों के बीच संतुलन बनाएं।



