Featured Image

तिरुवनंतपुरम: त्योहारी सीजन के बीच सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है. वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब कर्मचारियों का डीए 35 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत हो गया है. दिवाली से पहले लिए गए इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के चेहरों पर खुशी लौट आई है.

कब से खाते में आएगी बढ़ी हुई रकम?

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अक्टूबर महीने के वेतन के साथ जोड़कर दिया जाएगा जिसका भुगतान नवंबर में होगा. वहीं राज्य के पेंशनभोगियों को संशोधित महंगाई राहत (DR) का भुगतान नवंबर 2026 की पेंशन के साथ किया जाएगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। त्योहारी सीजन में मिलने वाले इस एरियर और बढ़ी हुई सैलरी से कर्मचारियों के खातों में एक्स्ट्रा रकम आएगी.

किसे-किसे मिलेगा इस बढ़ोतरी का फायदा?

सरकारी आदेश के मुताबिक डीए बढ़ोतरी का लाभ इन कर्मचारियों को मिलने जा रहा है:

  • राज्य सरकार के सभी नियमित कर्मचारियों और अधिकारियों को.
  • सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को.
  • निजी कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के पात्र स्टाफ को.
  • पूर्णकालिक संविदा (Contractual), अस्थायी कर्मचारियों और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को.

इसके अलावा राज्य सेवा के सामान्य पेंशनभोगी, पारिवारिक पेंशनभोगी और अनुग्रह पेंशनभोगी भी इस दायरे में शामिल हैं.

KSEB और KSRTC कर्मचारियों के लिए क्या है नियम?

आदेश में साफ किया गया है कि यह बढ़ोतरी केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) और केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) जैसे स्वायत्त निगमों और संगठनों पर अपने आप लागू नहीं होगी. इन दोनों सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थानों को अपने स्तर पर अलग से वित्तीय स्थिति की समीक्षा कर डीए और डीआर के आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं.

केंद्रीय कर्मचारियों को भी 3 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी की आस

राज्यों में डीए बढ़ने के बाद अब केंद्र सरकार के कर्मचारियों की नजरें भी केंद्र के फैसले पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि केंद्र सरकार दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. अगर यह मंजूरी मिलती है तो केंद्रीय कर्मियों का डीए 60 परसेंट से बढ़कर 63 परसेंट हो जाएगा.

हिसाब-किताब के मुताबिक 3 परसेंट की बढ़ोतरी होने पर 18,000 रूपये बेसिक पे वाले कर्मचारी की सैलरी में हर महीने 540 रूपये का इजाफा होगा, जबकि 56,100 बेसिक पे वाले कर्मचारियों को हर महीने 1,683 रूपये अतिरिक्त मिलेंगे.