हरियाणा के रोहतक में चार लोगों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. बुधवार देर रात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी. बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे थे. अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरातफरी मच गई. जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

वारदात रात करीब 12:30 बजे हुई. पांच बदमाश स्विफ्ट कार से मिलन ढाबे पर पहुंचे. उस समय वहां कुछ युवक खाना खा रहे थे. बदमाशों ने बिना कुछ कहे उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, चौथा युवक जान बचाकर वहां से भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून दिया. चारों युवकों की हत्या करने के बाद आरोपी कई मिनट तक हथियार लहराते हुए घटनास्थल पर घूमते रहे. इसके बाद वे कार से फरार हो गए.

तीन मृतक झज्जर के डीघल गांव के रहने वाले

मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी था.

भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच गैंगवार का शक

इस हत्याकांड को भाऊ रिटोलिया गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. इसके तार डीघल गांव में पिछले दिनों हुई एक युवक की हत्या से भी जुड़ने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हत्या की असली वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे. एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की कार और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.