Muzaffarnagar Crime News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित छपार थाना क्षेत्र के छपरा गांव में एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. 4 सितंबर को जन्माष्टमी की रात अपने घर से मंदिर गई एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को गांव के ही विशेष समुदाय के तीन युवक जबरन रास्ते से उठा ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. मामला दो अलगअलग संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है.

प्राप्त विवरण के अनुसार, छपरा गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी जन्माष्टमी की रात गांव में ही मंदिर दर्शन के लिए निकली थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव के समीर नाम के युवक ने अपने दो अन्य साथियों, वलीन और सलमान के साथ मिलकर किशोरी को जबरन रास्ते से उठा लिया. आरोपी उसे अपने घर के एक कमरे में ले गए, जहां मुख्य आरोपी समीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
इधर, घंटों तक बच्ची के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद पीड़िता आरोपी समीर के घर में बदहवास हालत में बरामद हुई. घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। होश में आने पर पीड़िता ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई.
पुलिस की कार्रवाई और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
पीड़ित परिवार किशोरी को लेकर तुरंत छपार थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. सीओ सदर सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य दो आरोपियों की भूमिका की जांच और साक्ष्य संकलन किया जा रहा है.
पीड़िता का बयान
पीड़ित किशोरी ने आपबीती बताते हुए कहा, “मैं रात में मंदिर गई थी, वहां मुझे तीन लड़के मिले और मुझे जबरन खींच कर ले गए. समीर नाम के लड़के ने मेरे साथ गलत काम किया और मुझे बेहोश कर दिया. उन सभी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और मुझे न्याय मिलना चाहिए.”
मंत्री कपिल देव अग्रवाल पहुंचे पीड़ित परिवार के बीच
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल देर रात पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे. उन्होंने पीड़िता की दादी और पिता से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी और पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, “यह बेहद कष्टपूर्ण और घृणित मानसिकता का परिचायक है. योगी आदित्यनाथ सरकार में ऐसे सामाजिक तत्वों और अपराधियों पर वज्रपात जैसी सख्त कार्रवाई होगी. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को बिना किसी पक्षपात के कठोरतम कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं.”
सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है. मामले में साक्ष्यों के आधार पर अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ भी सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी.



