Ram Mandir Chadhawa Chori : अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में आज  बुधवार को पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद जेल में बंद आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। चार्जशीट दाखिल होते ही वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया और कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, चार्जशीट दाखिल करने के लिए विवेचक और अयोध्या के सीओ एंटी करप्शन कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान बार एसोसिएशन ने विरोध जताते हुए मांग की कि चार्जशीट दाखिल करने से पहले उन्हें इसकी प्रति दिखाई जाए और उनकी आपत्तियों को सुना जाए।

चार्जशीट से पहले आपत्ति सुनने की मांग

अधिवक्ताओं का कहना है कि मामले में चार्जशीट दाखिल करने से पहले उनकी आपत्तियों पर विचार किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर वकीलों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। मामले को लेकर अधिवक्ता संघ की महत्वपूर्ण बैठक भी चल रही है।

आठ आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट

पुलिस ने इस मामले में जेल में निरुद्ध आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें टिन्नू यादव, करुणेश, मनीष, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, रमाशंकर, अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र समेत आठ लोग शामिल हैं। अब चार्जशीट में दर्ज तथ्यों और आरोपों को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

ये भी पढ़ें:

ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी FIR की मांग

इस मामले में अधिवक्ताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी उठाई है। इस संबंध में पहले ही तहरीर दी जा चुकी है। अब चार्जशीट में ट्रस्ट पदाधिकारियों और बैंककर्मियों की भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आए हैं, इस पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं। फिलहाल, चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक तरफ पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र पेश किया है, वहीं दूसरी तरफ अधिवक्ताओं के विरोध और उनकी मांगों के चलते कोर्ट परिसर में हलचल बनी हुई है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: