UP PCS Officers Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बड़े पैमाने पर 41 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कई जिलों के अपर जिलाधिकारी , नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी , मुख्य राजस्व अधिकारी , अपर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के विशेष कार्याधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में अहम बदलाव माना जा रहा है.

कई जिलों के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में वाराणसी, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी, मुरादाबाद, बस्ती, एटा, बुलंदशहर, जौनपुर, आजमगढ़, महोबा, शाहजहांपुर, चंदौली, गाजीपुर, चित्रकूट, नोएडा और वृंदावन समेत कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं. शासन ने प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए अधिकारियों को नए पदों पर तैनात किया है.

महेंद्र कुमार सिंह को अयोध्या विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी पद से हटाकर नगर मजिस्ट्रेट वाराणसी बनाया गया है. वहीं लखनऊ के नगर मजिस्ट्रेट ज्ञानचंद्र गुप्ता को अपर जिलाधिकारी बस्ती की जिम्मेदारी दी गई है. एटा के उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता अब लखनऊ के नए नगर मजिस्ट्रेट होंगे.

अपर आयुक्त और एडीएम स्तर पर भी बदलाव

सरकार ने मेरठ, प्रयागराज, झांसी, मुरादाबाद और विंध्याचल मंडलों में अपर आयुक्त स्तर पर भी बदलाव किए हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कुंवर पंकज को झांसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है, जबकि त्रिभुवन को प्रयागराज मंडल और प्रतिपाल चौहान को विंध्याचल मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है. सत्य प्रकाश सिंह द्वितीय को मेरठ से स्थानांतरित कर लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है.

इसके अलावा अरुण कुमार सिंह को मुरादाबाद मंडल से गौतम बुद्ध नगर में अपर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नवीन कुमार श्रीवास्तव को मेरठ से मुरादाबाद मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है.

विकास प्राधिकरण और नगर निगमों में भी फेरबदल

तबादलों में विकास प्राधिकरणों और नगर निगमों के अधिकारियों के पद भी बदले गए हैं. सुरेश कुमार को सहारनपुर विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है. हर्ष चावला को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि संजीव कुमार दीक्षित को गोरखपुर विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी मिली है. वहीं सुनीता कुमारी को वृंदावन नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है. रामवीर सिंह को मुरादाबाद नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है।.

कई जिलों के एसडीएम और नगर मजिस्ट्रेट बदले

शासन ने कई जिलों के उपजिलाधिकारियों और नगर मजिस्ट्रेटों के कार्यक्षेत्र भी बदल दिए हैं. बिंदुलता को कानपुर नगर में अपर जिलाधिकारी , संजय चावला को आजमगढ़ में अपर जिलाधिकारी , इंद्र नंदन सिंह को महोबा में अपर जिलाधिकारी और विजय वर्धन तोमर को मेरठ में अपर जिलाधिकारी बनाया गया है.

इसके अलावा ज्योति सिंह को वाराणसी से चित्रकूट, सुशांत श्रीवास्तव को औरैया से बागपत, राजेश कुमार वर्मा को अलीगढ़ से चंदौली, राकेश कुमार जयंत को मुरादाबाद, अरुण कुमार गिरि को गाजीपुर, अतुल कुमार सिंह को शाहजहांपुर व संध्या शर्मा को जालौन में उपजिलाधिकारी के पद पर नई तैनाती दी गई है.