शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाखों किसानों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से बटन दबाकर देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ट्रांसफर की।

 

इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को करीब 19 हजार करोड़ रुपये की सौगात मिली है। हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए भी यह राहत भरी खबर है। प्रदेश के 8.17 लाख से अधिक किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि भेजी गई है। त्योहारों के इस मौसम में किसानों के खातों में पहुंची यह रकम खेती-किसानी के खर्चों के साथ दिवाली की तैयारियों में भी मददगार साबित होगी।

 

यह भी पढ़ें:

हिमाचल में 8,21,121 किसान पाए गए पात्र

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 24वीं किस्त के लिए कुल 8,21,121 किसान पात्र पाए गए हैं। इनमें से 8,17,790 किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। यानी प्रदेश के 8.17 लाख से अधिक किसानों को इस किस्त का लाभ मिला है। पिछली यानी 23वीं किस्त में 8,17,537 किसानों के खातों में पैसा पहुंचा था। इस बार लाभार्थियों की संख्या में 253 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पिछली किस्त के मुकाबले 253 नए किसानों को मिला लाभ

इस बार हिमाचल में 253 अतिरिक्त किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिला है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इनमें ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले कुछ समय में अपनी लंबित ई-केवाईसी और भूमि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करवाई है। इससे स्पष्ट है कि जरूरी दस्तावेज और सरकारी रिकॉर्ड अपडेट करवाने के बाद नए पात्र किसान भी योजना से जुड़ सकते हैं।

 

ई-केवाईसी अधूरी तो अटक सकती है किस्त

केंद्र सरकार की ओर से योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनमें आधार से जुड़ा बैंक खाता, भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन और ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है। यदि किसी किसान के दस्तावेजों में कमी है या सत्यापन अधूरा है तो उसकी किस्त रुक सकती है। इसलिए किसानों को अपना लाभार्थी स्टेटस जरूर जांचना चाहिए।

 

 

घर बैठे ऐसे चेक करें खाते में आए 2,000 रुपये

किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं।

  • सबसे पहले https://pmkisan.gov.in/ पर जाएं।
  • Farmers Corner में जाकर Know Your Status विकल्प चुनें।
  • अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें।
  • जरूरत पड़ने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरें।
  • इसके बाद स्क्रीन पर किस्त और भुगतान से संबंधित पूरी जानकारी दिखाई देगी।

इसके अलावा Beneficiary List में जाकर अपना राज्य, जिला, तहसील, ब्लॉक और गांव चुनकर लाभार्थियों की सूची भी देखी जा सकती है।

 

क्या है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना?

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण किसान कल्याण योजना है। इसके तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000-2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य किसानों को बीज, खाद और खेती से जुड़े दूसरे जरूरी खर्चों में मदद देना है।