Andhra Pradesh News: कल्पना कीजिए… रात के 12 बजे हैं. आप थिएटर से कोई थ्रिलर मूवी देखकर हंसीमजाक करते हुए अपने घर लौट रहे हों. चारों तरफ सन्नाटा पसरा है. तभी अचानक सड़क किनारे एक पुरानी, सुनसान इमारत से अजीबोगरीब मंत्रों के उच्चारण, आग की लपटें और दिल दहला देने वाली चीख जैसी आवाजें सुनाई देने लगें! किसी हॉरर फिल्म के सीन जैसा लगने वाला यह खौफनाक नजारा आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के तिप्पाराजुपालेम गांव में सच साबित हुआ. जहां आधी रात को सिनेमा देखकर लौट रहे बेफिक्र दोस्तों के एक ग्रुप ने अनजाने में ही सही, पर ‘काले जादू’ और तांत्रिक पूजा के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर दिया.

घटना काकीनाडा जिले के काजुलुर मंडल की है. गांव के कुछ युवा देर रात सिनेमा हॉल से ‘नाइट शो’ देखकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. जब वे तिप्पाराजुपालेम के बाहरी इलाके में स्थित एक पुरानी, वीरान और परित्यक्त इमारत के पास से गुजरे, तो सन्नाटे को चीरती हुई कुछ रहस्यमयी आवाजें उनके कानों में पड़ीं. पहले तो उन्हें लगा कि उनका वहम है, लेकिन जैसे ही उन्होंने गाड़ी धीमी की, इमारत की टूटी खिड़कियों से लाल रोशनी और आग की लपटें दिखाई दीं.

जब अंदर पहुंचे दोस्त तो उड़ गए होश

उत्सुकता और थोड़ा डर… दोनों के बीच युवकों ने हिम्मत जुटाई और चुपके से उस सुनसान इमारत में कदम रखा. अंदर का नजारा किसी का भी खून जमा देने के लिए काफी था. फर्श पर तांत्रिक अनुष्ठान के लिए एक ताजा खोदा गया गड्ढा था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। चारों तरफ मुर्गी का बहता हुआ खून, सिंदूर, नींबू, अजीबोगरीब मग और काली पूजा की सामग्रियां बिखरी हुई थीं. कुछ नकाबपोश और अज्ञात लोग आग के चारों ओर बैठकर अजीबअजीब हरकतें और तांत्रिक मंत्रोच्चार कर रहे थे. युवकों ने जैसे ही उन्हें ललकारा और पकड़ने की कोशिश की, तांत्रिक और उनके सहयोगी घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर पिछला दरवाजा तोड़कर झाड़ियों में भाग निकले.

गांव में फैला खौफ: “बच्चों को स्कूल कैसे भेजें?”

सुबह होते ही यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई. ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है. स्थानीय निवासियों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाया है कि उसने किसी गुप्त मंशा से बाहरी शहर से तांत्रिकों को बुलाकर इस खौफनाक अनुष्ठान को अंजाम दिलवाया. डर का आलम यह है कि ग्रामीण अपने छोटे बच्चों को घर से बाहर निकालने या स्कूल भेजने में भी कतरा रहे हैं.

पुलिस की एंट्री: मौके से मिले खौफनाक सबूत

घटना की सूचना मिलते ही गोल्लापालेम पुलिस स्टेशन के एसआई एसएस मूर्ति अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जब उस वीरान हवेली की तलाशी ली, तो उन्हें तंत्रमंत्र में इस्तेमाल होने वाली खौफनाक सामग्रियां, खून के धब्बे और गड्ढा मिला. पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सभी सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और तांत्रिकों व इसमें शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश जारी है.